देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : बालिका से बलात्कार के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़), 17 अगस्त छत्तीसगढ़ पुलिस ने 15 वर्षीय बालिका के साथ कथित रूप से बलात्कार कर उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में पुलिस के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को गिरफ्तार किया है।

राजनांदगांव जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के छुई खदान थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र गहीने पर नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार करने के बाद उसे जलाकर मारने की कोशिश करने का आरोप है।

अधिकारियों ने बताया कि 14 अगस्त को बालिका की मां ने पुलिस में इस संबंध में शिकायत दी थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि पीड़िता की मां आरोपी नरेंद्र के घर खाना बनाने जाती थी। इसी बीच बच्ची आरोपी के संपर्क में आई।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)