एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | छत्तीसगढ़: घरों पर फहराए फलस्तीन के झंडे, पांच युवक गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर घरों में कथित रूप से फलस्तीन का झंडा फहराए जाने के मामले में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | छत्तीसगढ़: घरों पर फहराए फलस्तीन के झंडे, पांच युवक गिरफ्तार

बिलासपुर, 17 सितम्बर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर घरों में कथित रूप से फलस्तीन का झंडा फहराए जाने के मामले में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के तारबाहर इलाके में सोमवार को ईद के मौके पर कुछ घरों में कथित रूप से फलस्तीन का झंडा लगाने के मामले में पुलिस ने शेख समीर (20), फीदेल खान (24), मोहम्मद शोएब (23), शेख अजीम (19) और शेख समीर (22) को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम को तारबाहर थाना पुलिस को शिकायत मिली थी कि क्षेत्र के खुदीराम बोस चौक के करीब कुछ घरों में फलस्तीन के झंडे लगे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि सूचना के बाद पुलिस दल को मौके पर भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने समुदाय के कुछ वरिष्ठ नागरिकों के सहयोग से तत्काल घरों से झंडे हटवाए।

पुलिस ने बाद में एक संगठन के लोगों की लिखित शिकायत पर मंगलवार को पांच युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने जानकारी दी कि फलस्तीनियों के साथ हो रहे कथित जुल्मों की दास्तां सोशल मीडिया पर देखकर उन्होंने उनके प्रति सहानुभूति प्रदर्शित करने के लिए फलस्तीन के झंडे लगाए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने यह भी बताया कि वे स्वयं बाजार से कपड़े खरीदकर लाये और सिलाई कर फलस्तीन के झंडे बनाए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 17, 2024 10:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).