देश की खबरें | छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ईडी ने होटल कारोबारी को किया गिरफ्तार, रायपुर के मेयर के भाई की हिरासत बढ़ी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय ने छत्तीसगढ़ के धनशोधन मामले से जुड़े 2,000 करोड़ रुपए के कथित शराब सिंडिकेट घोटाले में एक और गिरफ्तारी की है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

रायपुर/नयी दिल्ली, 11 मई प्रवर्तन निदेशालय ने छत्तीसगढ़ के धनशोधन मामले से जुड़े 2,000 करोड़ रुपए के कथित शराब सिंडिकेट घोटाले में एक और गिरफ्तारी की है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राज्य की राजधानी रायपुर स्थित गिरिराज होटल के प्रवर्तक नितेश पुरोहित को बुधवार दोपहर को गिरफ्तार किया गया।

एजेंसी ने पिछले सप्ताह रायपुर के महापौर एवं कांग्रेस नेता एजाज ढेबर के बड़े भाई अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया था, जो इस मामले में की गई पहली गिरफ्तारी है।

ऐसा बताया जा रहा है कि इस मामले में निदेशालय ने एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है, जो राज्य का एक प्रमुख शराब कारोबारी है, लेकिन इस तीसरी गिरफ्तारी के संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

एजेंसी ने बुधवार को अदालत से कहा कि पुरोहित ‘‘अनवर ढेबर के अवैध कामों से अवगत थे और अनिल टुटेजा (छत्तीसगढ़ काडर के आईएएस अधिकारी) एवं एक अन्य व्यक्ति को अपराध से होने वाली आय के लेन-देन में स्वेच्छा’’ से सहायता करते थे।

सूत्रों ने बताया कि अनवर की चार दिन की हिरासत की अवधि समाप्त होने पर उन्हें बुधवार को रायपुर में एक विशेष धनशोधन निवारण कानून (पीएमएलए) अदालत के समक्ष पेश किया गया था, जिसने हिरासत पांच दिन के लिए और बढ़ा दी।

अनवर के वकील राहुल त्यागी ने बुधवार को कहा कि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत ने उनके मुवक्किल की हिरासत की अवधि पांच दिन बढ़ा दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\