Chhattisgarh: बारूदी सुरंग में विस्फोट, एक जवान घायल
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान घायल हो गया है. दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने मंगलवार को बताया कि आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे बोदली पुलिस शिविर के करीब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया.
रायपुर, 21 दिसंबर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान घायल हो गया है. दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने मंगलवार को बताया कि आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे बोदली पुलिस शिविर के करीब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया. इस घटना में डीआरजी का एक जवान घायल हो गया है. पल्लव ने बताया कि बोदली शिविर से डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त दल को गस्त में करियामेट्टा गांव की ओर रवाना किया गया था.
उन्होंने बताया जब जवान शिविर से लगभग 650 मीटर की दूरी पर थे तब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट किया. इस घटना में एक सहायक आरक्षक को चोट पहुंची है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों ने सुबह 10 बजे सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए पाइप बम में भी विस्फोट किया था. लेकिन बल के जवान इस विस्फोट से बाल बाल बच गए. यह भी पढ़ें : सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों पर सेंसरशिप खत्म करेगा संयुक्त अरब अमीरात
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और खोजी अभियान शुरू किया. सुरक्षाबलों ने इलाके से चार बारूदी सुरंग बरामद की है. पल्लव ने बताया कि घायल जवान को घटनास्थल से बाहर निकाल लिया गया है तथा उसे प्राथमिक उपचार दिया गया है. क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 21, 2021 01:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

