देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : तालाब में डूबने से दो बालिकाओं की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दो बालिकाओं की कथित तौर पर तालाब में डूबने से मौत हो गई है। सरगुजा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कोरबा, 28 मई छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दो बालिकाओं की कथित तौर पर तालाब में डूबने से मौत हो गई है। सरगुजा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उदयपुर थाना क्षेत्र के दिवालिया गांव में दो बहनों-दिव्या तिर्की (आठ) और सुशीला तिर्की (सात) के शव एक तालाब में तैरते मिले हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली है कि दिवालिया गांव निवासी बंधन सिंह की बेटियां दिव्या और सुशीला अपने परिजनों के साथ बृहस्पतिवार को एक विवाह समारोह में गई थीं।
उन्होंने बताया कि परिजन शाम को विवाह समारोह से वापस आ गए, लेकिन दोनों बच्चियां नहीं लौटीं। इसके बाद उन्होंने बच्चियों को खोजना शुरू किया, लेकिन वे नहीं मिलीं।
अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को जब ग्रामीणों ने दोनों बहनों के शव तालाब में तैरते देखे तो उन्होंने इसकी जानकारी बंधन सिंह और पुलिस को दी। बाद में ग्रामीणों की मदद से दोनों शव तालाब से बाहर निकाल लिए गए।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एक पुलिस दल घटनास्थल पर रवाना किया गया और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि विवाह समारोह से वापस लौटते समय दोनों बहनें पीछे रह गई होंगी और रास्ते में पड़े तालाब में नहाने चली गई होंगी, जिस दौरान डूबने से उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)