देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना शनिवार सुबह शुरू हो गई। इस सीट पर 12 अप्रैल को उपचुनाव हुआ था।
राजनांदगांव, 16 अप्रैल छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना शनिवार सुबह शुरू हो गई। इस सीट पर 12 अप्रैल को उपचुनाव हुआ था।
राजनांदगांव जिले में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि राज्य बीज विकास निगम के गोदाम में शनिवार सुबह आठ बजे से खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में पड़े मतों की गिनती शुरू हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जा रही है और इसके बाद ईवीएम पर मतगणना का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर ऐसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पाबंदी लगाई गई है, जिनसे ऑडियो, वीडियो या तस्वीरें ली जा सकती हैं।
अधिकारियों के अनुसार, 14 टेबल पर दो कर्मचारियों के साथ एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किया गया है और मतगणना 21 दौर में पूरी होगी।
मालूम हो कि नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर 12 अप्रैल को हुए उपचुनाव में क्षेत्र के लगभग 78 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। यह सीट जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन से खाली हुई थी।
खैरागढ़ में हुए उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि, मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी और जनता कांग्रेस के बीच बताया जा रहा है।
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व विधायक कोमल जंघेल को टिकट दिया था, जबकि कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार यशोदा वर्मा पर भरोसा जताया था। जंघेल और वर्मा, दोनों अन्य पिछड़ा वर्ग की लोधी जाति से ताल्लुक रखती हैं। खैरागढ़ क्षेत्र में लोधी जाति की आबादी काफी अधिक है।
वहीं, जनता कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए जाने-माने वकील और खैरागढ़ राजपरिवार के दामाद नरेंद्र सोनी को अपना उम्मीदवार बनाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)