देश की खबरें | छत्तीसगढ़: शपथ ग्रहण से पहले साय ने अपने निवास और जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले रायपुर स्थित अपने निवास तथा जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रायपुर, 13 दिसंबर छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले रायपुर स्थित अपने निवास तथा जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि साय ने पुरैना इलाके में अपने आवास पर अपनी मां जसमनी देवी का आशीर्वाद भी लिया।

राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले साय ने अपने आवास के पूजा घर में देवी-देवताओं का दर्शन किया और पूजा में हिस्सा लिया।

साथ ही उन्होंने अपनी माता जसमनी देवी का आशीर्वाद भी लिया। उनके साथ पूजा में उनकी पत्नी कौशल्या देवी ने भी हिस्सा लिया।

उन्होंने बताया कि साय ने इससे पहले जगन्नाथ मंदिर में भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी के दर्शन किये।

अधिकारियों ने बताया कि साय ने राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले दो विभूतियों को नमन किया।

मनोनीत मुख्यमंत्री साय ने सुबह अवंती विहार एटीएम चौक स्थित छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रध्दासुमन अर्पित किये।

इसके बाद वह स्तंभ चौक पहुंचे और छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण और बलिदान को नमन किया।

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य आज शाम चार बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे।

इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\