देश की खबरें | यूकेएसएसएससी मामले में 18 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड कनिष्ठ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) पर्चा लीक मामले में विशेष कार्य बल ने 18 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।
देहरादून, 21 सितंबर उत्तराखंड कनिष्ठ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) पर्चा लीक मामले में विशेष कार्य बल ने 18 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।
स्थानीय अदालत में मंगलवार को दाखिल आरोपपत्र में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं, यथा.. 420 (धोखाधड़ी), 467 (दस्तावेजों का फर्जीवाड़ा), 468 (धोखा देने की मंशा से फर्जीवाड़ा), 471 (असली दस्तावेजों का फर्जी इस्तेमाल) और 34 (समान मंशा से कई लोगों द्वारा एक जैसा अपराध किया जाना) के तहत आरोपियों पर आरोप लगाए गए हैं।
आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनैतिक तरीकों का निषेध) कानून के तहत भी आरोप लगाया गया है।
एसटीएफ ने इस मामले में कथित मास्टरमाइंड मोहम्मद सादिक मूसा और उसके करीबी सहयोगी योगेश्वर राव सहित 41 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में अभी तक गिरफ्तार अन्य मुख्य आरोपी हैं जिला पंचायत सदस्य हकाम सिंह, चंदन मनराल, केन्द्रपाल और लखनऊ स्थित फर्म आरएमएस टेक्नोसॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजेश चौहान।
एसटीएफ द्वारा इस संबंध में जारी बयान के अनुसार, इनमें से 21 के खिलाफ कठोर गैंगस्टर कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसटीएफ ने बताया कि उसने 94.79 लाख रुपये नकद बरामद किये हैं और 24 से ज्यादा बैंक खाते फ्रीज किए हैं जिनमें करीब 30 लाख रुपये जमा हैं।
यूकेएसएसएससी में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद उठने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 22 जुलाई को पहला मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच की प्रगति की स्वयं निगरानी कर रहे धामी ने बार बार कहा है कि प्रत्येक दोषी को न्याय के दायरे में लाए जाने तक जांच जारी रहेगी।
यूकेएसएसएससी स्नातक स्तर परीक्षा पर्चा लीक मामले के अलावा विशेष कार्यबल वन रक्षक एवं सचिवालय सुरक्षा गार्ड के लिए भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले की भी जांच कर रहा है। इस मामले में चार व्यक्ति अब तक गिरफ्तार किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)