जम्मू, 16 जनवरी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में 2021 में एक घर पर ग्रेनेड हमले से जुड़े मामले में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकवादियों के खिलाफ सोमवार को आरोप पत्र दाखिल किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि उस हमले में एक बच्चे की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपी अल्ताफ हुसैन शाह और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) स्थित उसके सहयोगी मोहम्मद कासिम उर्फ सुलेमान के खिलाफ अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया।
मूल रूप से रियासी जिले के माहोर के अंगराला गांव का रहने वाला कासिम फरार है और मामले की जांच के दौरान उसका नाम सामने आया था जिससे जम्मू-कश्मीर और पीओके में आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ था।
राजौरी के खांडली चौक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी के घर पर 13 अगस्त 2021 को आतंकवादियों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले में तीन वर्षीय वीर सिंह की मौत हो गई और एक महिला सहित परिवार के छह सदस्य घायल हो गए थे।
अधिकारी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, विस्फोटक अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि (निरोधक) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
इनके पास से दो एके राइफल, एक पिस्तौल, सात ग्रेनेड और भारी मात्रा में गोला-बारूद आदि बरामद किए गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY