मुंबई/भोपाल/रायपुर/अहमदाबाद, 23 अगस्त चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की बुधवार शाम को सफलतापूर्वक लैंडिंग की पश्चिमी और मध्य भारत के राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अलग-अलग दलों के राजनीतिक नेताओं ने सराहना करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी।
गत 14 जुलाई को चंद्रमा की यात्रा पर रवाना हुए चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ के बाद महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की।
अंतरिक्ष अभियान में बड़ी छलांग लगाते हुए भारत का चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा, जिससे देश चांद के इस क्षेत्र में उतरने वाला दुनिया का पहला तथा चंद्र सतह पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है।
दक्षिण मुंबई में अपने आधिकारिक आवास 'वर्षा' से चंद्रयान-3 के उतरने की प्रक्रिया देखने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री ने कहा, "यह सभी वैज्ञानिकों की सफलता को दर्शाता है।"
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत का सबसे महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, “चंद्रयान-3 की सफलता ने वैज्ञानिक समुदाय को आत्मविश्वास दिया है। यह हमारे देश के साथ-साथ पूरी दुनिया को गौरवान्वित करेगा। सभी वैज्ञानिकों और भारतीयों को शुभकामनाएं। कामना है कि इसरो के ऐसे ही अभिनव प्रयोग अंतरिक्ष में उड़ान भरते रहें।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने नेहरू तारामंडल में भारत के चंद्रयान की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ देखी।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्य के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा, ‘‘भारत चंद्रमा पर है! यह बहुत गर्व और खुशी का क्षण है। हम चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ के गवाह बने हैं। इसरो और पूरे वैज्ञानिक समुदाय को हार्दिक बधाई।”
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि देश को अपने वैज्ञानिक समुदाय पर गर्व है।
मुंबई में, मुंबई सीएसएमटी और अंधेरी सहित कई उपनगरीय ट्रेन स्टेशनों पर यात्रियों ने भारत के चंद्रमा मिशन की सफलता का जश्न मनाया।
रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसरो के वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘हमारे वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा से इस कठिन मिशन को पूरा कर इतिहास रच दिया है। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश और चंद्रमा पर पहुंचने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। देश के लोगों को इस उपलब्धि पर गर्व है।’’
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ निवासियों की ओर से इस मिशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।
अहमदाबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने मिठाइयां बांटकर चंद्रयान-3 मिशन की सफलता का जश्न मनाया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंतरिक्ष विज्ञान के विकास में 'अमृत काल' की शुरुआत बताया।
पटेल ने चंद्रमा मिशन की सफलता के लिए इसरो वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं।
गुजरात के मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद में इसरो के अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (एसएसी) से चंद्रयान -3 के चांद पर उतरने की प्रक्रिया का सीधा प्रसारण देखा और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को साल दर साल मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की।
पटेल ने कहा कि मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों, छात्रों और शिक्षकों के लिए अवसर के दरवाजे खोले हैं।
पटेल ने कहा, ‘‘इसरो मानवता और भारतीयों के लाभ के लिए अंतरिक्ष में अन्वेषण कर रहा है।’’
गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने "अग्रणी उपलब्धि" के लिए "टीम इसरो" को बधाई दी।
गोहिल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।"
गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल ने कहा कि उन्हें इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने का सौभाग्य मिला और उन्होंने "नम आंखों के साथ एक नई ऊर्जा" महसूस की, जैसा कि पूरे देश ने महसूस किया है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ इस शुभ दिन पर मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई देता हूं और इसरो के सभी वैज्ञानिकों को सलाम करता हूं। हमारा देश यह दिन कभी नहीं भूलेगा।”
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन की सफलता से भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में वैज्ञानिकों ने विश्व स्तर पर देश को अभूतपूर्व सम्मान और गौरव दिलाया है।
भोपाल में, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंद्रयान -3 की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग के लिए इसरो वैज्ञानिकों को बधाई दी और कहा कि देश "विश्व गुरु" बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमारे इसरो के वैज्ञानिकों ने कर दिखाया। आपकी बुद्धिमत्ता और परिश्रम से लंबे सफर के बाद मिशन चंद्रयान-3 ने आज ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है, जिससे प्रत्येक भारतवासी गर्व से भरा हुआ है।”
उन्होंने कहा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मजबूत संकल्पों का ही परिणाम है कि अब हमारा ‘विक्रम लैंडर’ चांद पर है और पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। अपना देश निरंतर असाधारण उपलब्धियां हासिल करते हुए रफ्तार के साथ विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर है।”
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने ‘एक्स’ पर कहा, “ चंद्रमा पर चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक उतराने में योगदान देने वाले सभी वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई। यह जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी का विजन है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY