‘चंद्रयान-3’ सार्वजनिक क्षेत्र की सफलता है: कांग्रेस नेता जयराम रमेश
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि ‘चंद्रयान-3’ सार्वजनिक क्षेत्र की सफलता है और देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को हमेशा सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित, व्यवस्थित और क्रियान्वित किया जाना चाहिए।
बेंगलुरु, 11 अक्टूबर : कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि ‘चंद्रयान-3’ सार्वजनिक क्षेत्र की सफलता है और देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को हमेशा सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित, व्यवस्थित और क्रियान्वित किया जाना चाहिए.
विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन पर संसदीय स्थायी समिति के प्रमुख रमेश ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में यह बात कही. समिति के सदस्यों ने यहां भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मुख्यालय का दौरा किया.
राज्यसभा सदस्य रमेश ने कहा, ‘‘पिछले 60 वर्षों में भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित, व्यवस्थित और क्रियान्वित किया जा रहा है और इसे इसी तरह जारी रहना चाहिए.’’ उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 सार्वजनिक क्षेत्र की सफलता है.
बेंगलुरु, बांदीपुर, काबिनी और मैसुरु की पांच दिवसीय यात्रा पर आई समिति ने ‘चंद्रयान-3’ की सफलता और ‘आदित्य एल-1’ मिशन के प्रक्षेपण के लिए इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ और उनकी पूरी टीम को बधाई दी. रमेश ने कहा कि समिति के सदस्यों ने इसके (इसरो के) इंजीनियरों और वैज्ञानिकों के साथ ज्ञानवर्धक बातचीत की.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 11, 2023 06:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

