देश की खबरें | चंद्रचूड की सिंगापुर के सीजेआई से मुलाकात, दोनों देशों की शीर्ष अदालत के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

नयी दिल्ली, सात सितंबर भारत और सिंगापुर ने न्यायिक सहयोग पर सिंगापुर में बृहस्पतिवार को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़ और सिंगापुर के उनके समकक्ष सुंदरेश मेनन, दोनों देशों के उच्चतम न्यायालयों के बीच समझौता ज्ञापन पर हुये हस्ताक्षर के गवाह बने।

शीर्ष अदालत के एक अधिकारी ने कहा कि सीजेआई सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

एमओयू की विस्तृत जानकारी के बारे में अभी पता नहीं चला है ।

अधिकारी ने कहा कि दोनों प्रधान न्यायाधीश “न्यायिक सहयोग के क्षेत्र में भारत के उच्चतम न्यायालय और सिंगापुर के उच्चतम न्यायालय” के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के गवाह बने।

इससे पहले, न्यायमूर्ति मेनन ने भारत का दौरा किया था और तीन फरवरी को उच्चतम न्यायालय की पीठ में भी बैठे थे।

न्यायमूर्ति मेनन 2012 से सिंगापुर के चौथे प्रधान न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने उच्चतम न्यायालय की स्थापना की 73वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक समारोह में भाग लिया था। न्यायमूर्ति मेनन समारोह में मुख्य अतिथि थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)