खेल की खबरें | चांदीमल का शतक, श्रीलंका ने आस्ट्रेलिया पर 67 रन की बढ़त हासिल की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 364 रन बनाए थे।

आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 364 रन बनाए थे।

चांदीमल ने मध्यक्रम में कुछ महत्वपूर्ण साझेदारियां निभायी जिससे पहले टेस्ट में बल्लेबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली घरेलू टीम बढ़त बनाने में सफल रही। चांदीमल 118 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं और उनके साथ दूसरे छोर पर रमेश मेंडिस सात रन बनाकर खेल रहे हैं।

बीती रात के बल्लेबाज कुसाल मेंडिस के आउट होने के बाद दिन के तीसरे ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे चांदीमल ने शुरू में पारी में आक्रामकता बरती। उन्होंने एजेंलो मैथ्यूज (52) के साथ चौथे विकेट के लिये 83 रन की भागीदारी निभायी। श्रीलंका ने सुबह के सत्र में बस एक विकेट गंवाया।

चांदीमल जब 30 रन पर थे, तब मिशेल स्टार्क की गेंद उनके बल्ले को छूकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों में समां गयी थी लेकिन अंपायर कुमार धर्मसेना ने इस अपील को ठुकरा दिया। आस्ट्रेलियाई टीम सभी रिव्यू ले चुकी थी और अगर इसका रिव्यू लिया जाता तो मैदानी अंपायर का फैसला बदल गया होता।

अर्धशतक पूरा करने के बाद मैथ्यूज स्टार्क की गेंद पर मार्नस लाबुशेन को शार्ट लेग पर अच्छा कैच देकर आउट हुए।

चांदीमल और पदार्पण कर रहे कामिदु मेंडिस (61) के बीच चौथे विकेट के लिये 133 रन की साझेदारी हुई जिससे श्रीलंकाई टीम अच्छी स्थिति में पहुंची।

कामिदु मेंडिस को धनजंय डि सिल्वा के कोविड-19 पॉजिटिव पाये जाने के बाद टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने पदार्पण में अर्धशतक बनाकर प्रभावित किया।

चांदीमल ने लियोन पर एक रन लेकर अपना 13वां टेस्ट शतक पूरा किया और यह उनका आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा और गॉल में चौथा सैकड़ा है।

श्रीलंका का स्कोर 400 रन के पार पहुंच गया था और आस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा केवल सातवीं बार हुआ है।

यह साझेदारी कामिदु मेंडिस के आउट होने से टूटी जब वह लेग स्पिनर मिशेल स्वेपसन की गेंद पर बोल्ड हो गये।

आस्ट्रेलिया को एक और विकेट निरोशन डिकवेला के रूप में मिला।

रमेश मेंडिस को चार रन पर आउट दिया गया था लेकिन रिव्यू के बाद फैसला बदल गया। चांदीमल और रमेश मेंडिस सातवें विकेट के लिये 22 रन जोड़ चुके हैं।

चांदीमल ने अभी तक 232 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके और एक छक्का जड़ दिया है।

श्रीलंका ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 184 रन से की।

आफ स्पिनर नाथन लियोन ने दिन के तीसरे ही ओवर में कुसाल मेंडिस को पगबाधा किया जिन्होंने 161 गेंद में नौ चौकों की मदद से 85 रन बनाए। वह अपने कल के स्कोर में सिर्फ एक रन जोड़ पाए।

लियोन ने सुबह के सत्र में बल्लेबाजों को सबसे अधिक परेशान किया लेकिन चांदीमल ने उनके खिलाफ जोखिम उठाते हुए शॉट खेले। चांदीमल ने इस आफ स्पिनर पर कवर ड्राइव से चौका और फिर अगली गेंद पर लांग आफ के ऊपर से छक्का जड़ा।

स्पिनरों के इसके बाद सफलता दिलाने में नाकाम रहने पर आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने 85वें ओवर में दूसरी नई गेंद ली लेकिन मैथ्यूज और चांदीमल ने मेहमान टीम के गेंदबाजों को लंच तक सफलता से महरूम रखा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के उम्मीदों पर फेरा पानी, 5 विकेट से मिली करारी हार; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 27वें मुकाबले में जीत की राह पर लौटना चाहेंगी सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी