देश की खबरें | चांडी ओमन सोमवार को पुतुप्पली के विधायक के रूप में शपथ लेंगे

तिरुवनंतपुरम, आठ सितंबर केरल में पुतुप्पली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में शुक्रवार को जीत हासिल करने वाले कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन सोमवार को विधायक के रूप में शपथ लेंगे।

चांडी ओमन ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को करारा झटका देते हुए पुतुप्पली विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल कर कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के लिए सीट बरकरार रखी।

चांडी ओमन के पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी 50 साल से भी अधिक समय तक इस सीट से विधायक रहे थे।

चांडी ओमन ने उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जैक सी थॉमस को भारी अंतर से हराया।

ओमन (37) ने उपचुनाव में थॉमस को 37,719 मतों के अंतर से शिकस्त दी। पुतुप्पली उपचुनाव के लिए कांग्रेस, माकपा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था।

विधानसभा सचिवालय ने एक बयान में कहा कि चांडी ओमन का शपथ ग्रहण 11 सितंबर को होगा। वह प्रश्नकाल सत्र के बाद नए विधायक के रूप में शपथ लेंगे।

सूत्रों के मुताबिक विधानसभा सत्र, जिसे उपचुनाव की घोषणा के कारण छोटा कर दिया गया था, सोमवार से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी के निधन से खाली हुई सीट के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)