जरुरी जानकारी | केंद्र दूरसंचार उपकरण विनिर्माण क्षेत्र की स्थापना कर रहा: सिंधिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
चेन्नई, 27 सितंबर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार देश में दूरसंचार उपकरण विनिर्माण क्षेत्र स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 10 वर्षों के दौरान 1.28 लाख करोड़ रुपये के मोबाइल फोन निर्यात किए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले भारत में ज्यादातर मोबाइल फोन आयात किए जाते थे और निर्यात केवल 1,500 करोड़ रुपये का था।
सिंधिया ने कहा, ''हम दुनिया में मोबाइल फोन के दूसरे सबसे बड़े उत्पादक बन गए हैं। आज 30 करोड़ मोबाइल फोन भारत में तैयार किए जा रहे हैं।''
उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि मोबाइल फोन का मूल्यवर्धन 20 प्रतिशत बढ़ा है और ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि हमारी सरकार ने एफडीआई मानदंड बदल दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि भारत में करीब 98 अरब अमेरिकी डॉलर का एफडीआई था और पिछले 10 वर्षों में हमने 60 प्रतिशत की वृद्धि करके 160 अरब डॉलर कर दिया है। मंत्री ने भरोसा जताया कि दूरसंचार क्षेत्र में भी ऐसी ही क्रांति होगी।
सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सरकारी स्वामित्व वाली भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को स्वदेशी 4जी प्रौद्योगिकी ढांचा के आधार पर अपनी 4जी सेवाएं स्थापित करने का जिम्मेदारी दी है।
उन्होंने कहा, ''हम अपना 4जी दूरसंचार ढांचा बनाने वाले दुनिया के छठे देश हैं और हम अगले साल के मध्य तक एक लाख टावर लगा देंगे। 2025 के मध्य तक हम पूरे भारत में 4जी प्रसार सुनिश्चित कर लेंगे।''
सिंधिया तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा के साथ अमेरिकी नेटवर्क उपकरण विनिर्माता सिस्को के पहले विनिर्माण संयंत्र के उद्घाटन के अवसर पर यहां आए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 27, 2024 06:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

