देश की खबरें | केंद्र ने पूर्वोत्तर के लिए रेलवे बजट बढ़ाया, परियोजनाओं में तेजी लाने में मदद की: मंत्री अश्विनी वैष्णव

गुवाहाटी, 29 मई रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि 2014 से पहले पूर्वोत्तर के मद में रेलवे का आवंटन 2,000 करोड़ रुपये था लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में यह बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये हो गया है जिससे क्षेत्र में परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी आई है।

सेमी-हाई स्पीड गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत से पहले गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि जून तक उन सभी राज्यों में जहां विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है, वहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि असम में गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ने वाली इस ट्रेन से दोनों स्थानों के बीच मौजूदा सबसे तीव्र ट्रेन की तुलना में यात्रा के समय में करीब एक घंटे की बचत होगी। यात्रा में करीब साढ़े पांच घंटे का समय लगेगा जबकि मौजूदा सबसे तीव्र ट्रेन को इतनी दूरी तय करने में करीब साढ़े छह घंटे का समय लगता है।

मंत्री ने कहा, ‘‘15 से 20 साल पहले जो भी अच्छी चीज होती थी वह सिर्फ बड़े शहरों में हुआ करती थी, इसे पूर्वोत्तर तक पहुंचने में समय लगता था।’’

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले वैष्णव ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के आने के बाद इस ‘‘क्षेत्र के प्रति लोगों की मानसिकता में बदलाव आया है’’ और पूर्वोत्तर के लिए ‘‘लुक ईस्ट’’ नीति को बदलकर ‘‘एक्ट ईस्ट’’ कर दिया गया है।

मंत्री ने यह भी कहा कि 2014 से पहले पूर्वोत्तर के मद में रेलवे के लिए आवंटन सिर्फ 2,000 करोड़ रुपये होता था।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे दोगुना, तिगुना और फिर पांच गुना बढ़ाकर 10,200 करोड़ रुपये कर दिया।’’ उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में कार्य और परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी आई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)