पोलावर (आंध्र प्रदेश), छह जून केंद्र सरकार पोलावरम परियोजना के पहले चरण को पूरा करने के लिए आंध्र प्रदेश को 12,911 करोड़ रुपये मंजूर करने पर सहमत हो गई है। राज्य सरकार ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने इस कोष को मंजूरी देते हुए एक प्रपत्र जारी किया है।
प्रदेश सरकार की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, “ यह मुख्यमंत्री के अथक प्रयासों और केंद्र के साथ बातचीत और परामर्श का नतीजा है।”
अधिकारियों के मुताबिक, 12,911 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि में ‘डायाफ्राम’ दीवार के कथित रूप से दोषपूर्ण निर्माण के कारण अतिरिक्त खर्च को कवर करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि वित्त मंत्रालय ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय को यह प्रपत्र भेजा है, जिसमें बिल के चक्रवृद्धि भुगतान से छूट की पेशकश भी शामिल है क्योंकि इससे परियोजना में देरी हो रही है। मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को परियोजना स्थल का दौरा किया और बांध कार्यों की प्रगति की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने मुख्य परियोजना कार्यों में तेजी लाने के लिए सिंचाई अधिकारियों को क्षतिग्रस्त ‘डायाफ्राम’ दीवार की मरम्मत जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
रेड्डी ने अधिकारियों को परियोजना स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का भी निर्देश दिया और इसके लिए पोलावरम में एक होटल बनाने तथा एक पुल का निर्माण समेत अन्य सुविधाएं आगंतुकों को उपलब्ध कराने को कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY