केंद्रीय दलों ने कोलकाता, उत्तर 24 परगना और जलपाईगुड़ी का दौरा किया
वरिष्ठ नौकरशाह अपूर्व चंद्रा के नेतृत्व में एक दल ने उत्तरी 24 परगना के बारासात और बिराती तथा कोलकाता के कुछ हिस्सों का दौरा किया जहां उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की सुगम आपूर्ति के लिए उठाये जा रहे कदमों के बारे में पूछताछ की।
कोलकाता, 28 अप्रैल कोविड-19 की स्थिति का जायजा लेने के लिए दो अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दलों ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में कोलकाता, उत्तर 24 परगना और जलपाईगुड़ी जिलों के अनेक हिस्सों का दौरा किया और पुलिस से लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने को कहा।
वरिष्ठ नौकरशाह अपूर्व चंद्रा के नेतृत्व में एक दल ने उत्तरी 24 परगना के बारासात और बिराती तथा कोलकाता के कुछ हिस्सों का दौरा किया जहां उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की सुगम आपूर्ति के लिए उठाये जा रहे कदमों के बारे में पूछताछ की।
बारासात में केंद्रीय दल के सदस्यों ने एक अस्पताल में रुककर वहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत की। इस अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों का इलाज चल रहा है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘टीम ने बिराती क्षेत्र का मुआयना करते हुए पुलिस से लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने को कहा। टीम ने इलाके में बंद के नियमों के उल्लंघन की घटनाओं के बारे में जानना चाहा।’’
चंद्रा और उनके सहयोगियों ने साल्ट लेक इलाके में भी एक निजी अस्पताल का दौरा किया और वहां सुविधाओं का जायजा लिया। टीम ने जानना चाहा कि क्या अस्पताल में आईसीएमआर के दिशानिर्देशों का पालन हो रहा है।
इसके बाद केंद्रीय दल ने बेलेघाट का दौरा किया जिसे राज्य में रेड जोन माना गया है।
अधिकारी के अनुसार टीम के सदस्यों ने यहां के आईडी अस्पताल के आसपास के इलाकों की तस्वीरें लीं। यह अस्पताल राज्य में कोविड-19 के इलाज में लगे 19 अस्पतालों में शामिल है।
वरिष्ठ अधिकारी विनीत जोशी के नेतृत्व में दूसरे दल ने जलपाईगुड़ी के माटीगारा में चाय बागानों, अनेक अस्पतालों का दौरा किया तथा दार्जीलिंग के कुछ हिस्सों का भी मुआयना किया।
जोशी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम संबंधित जानकारी जुटा रहे हैं। हम देखना चाहते हैं कि क्या केंद्र सरकार और आईसीएमआर द्वारा निर्दिष्ट उपायों का इन इलाकों में उचित तरीके से पालन हो रहा है। हम सरकार के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।’’
गौरतलब है कि चंद्रा की अगुवाई में गए दल के साथ पुलिस का कोई वाहन नहीं था। चंद्रा ने पिछले सप्ताह ही उनके साथ सहयोग नहीं करने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की थी और पूछा था कि क्या सरकार टीम के सदस्यों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेगी।
हालांकि इस दौरे पर टीम के साथ बीएसएफ के जवान थे।
इससे पहले केंद्रीय दलों को राज्य के कुछ हिस्सों में जायजा लेने के लिए भेजने पर पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्र के बीच गतिरोध की स्थिति बन गयी थी।
कुछ दिन पहले राज्य में पहुंचे इन दलों ने पिछले कुछ दिन में कई अस्पतालों और अति प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया तथा कोविड-19 से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों का जायजा लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 09:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

