मंगलुरु, छह अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने 2014 से 2023 तक दक्षिण कन्नड़ (डीके) जिले में विकास कार्यों के लिए 50,000 करोड़ रुपये आवंटित किए।
दक्षिण कन्नड़ जिले के सांसद कतील, मंगलुरु जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कतील ने कहा कि मंगलुरु जंक्शन का उन्नयन 19.32 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये मंगलुरु जंक्शन सहित देशभर के 508 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी।
उन्होंने कहा कि जिले में बंटवाल और सुब्रमण्यम रोड रेलवे स्टेशनों को भी जल्द ही विकसित किया जाएगा। कतील ने बताया कि बंटवाल रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 26.18 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जबकि सुब्रमण्यम स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 23.73 करोड़ रुपये खर्च कर फिर से विकसित किया जाएगा।
कतील ने दावा किया कि केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल देश में स्वर्ण युग रहे हैं, जिसमें सभी क्षेत्रों में विकास दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम में विधायक वेदव्यास कामथ, भरत वाई शेट्टी, एमएलसी कोटा श्रीनिवास पुजारी, मंगलुरु के महापौर जयानंद अंचन और स्थानीय पार्षद शोभा पुजारी शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY