देश की खबरें | मिजोरम से लगती सीमा पर केंद्रीय बल की तैनाती होगी: असम के मुख्य सचिव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्य सचिव जिष्णु बरुआ ने बुधवार को कहा कि मिजोरम के साथ अंतरराज्यीय सीमा पर तैनाती के लिए केंद्रीय बल जल्द ही राज्य पहुंच रहे हैं।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

सिलचर, चार नवंबर असम के मुख्य सचिव जिष्णु बरुआ ने बुधवार को कहा कि मिजोरम के साथ अंतरराज्यीय सीमा पर तैनाती के लिए केंद्रीय बल जल्द ही राज्य पहुंच रहे हैं।

बरुआ ने संवाददाताओं से कहा कि ‘एक या दो दिन में बल के’ पहुंचने के बाद उनकी तैनाती कछार और करीमगंज की सीमा से लगते क्षेत्रों में होगी।

यह भी पढ़े | Arnab Goswami: अर्नब गोस्वामी को अलीबाग कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा, जमानत के लिए जाएंगे बॉम्बे हाई कोर्ट.

उन्होंने कहा, ‘‘जब बल की तैनाती यहां हो जाएगी तो दोनों ही तरफ शांति होगी।’’

मुख्य सचिव ने कछार और करीमगंज जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मिजोरम से लगती सीमा पर लैलापुर और मेडलीचेरा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखें।

यह भी पढ़े | MP By Election 2020: मध्य प्रदेश में बीजेपी के 2 पूर्व विधायकों को कारण बताओ नोटिस, जानें पूरा मामला.

मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंता ने मिजोरम से लगती अंतरराज्यीय सीमा पर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान कई पुलिस उपायुक्त, कई पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

मुख्य सचिव ने कहा कि वे यहां मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के निर्देश पर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने और ‘सीमा के उस हिस्से (मिजोरम) में अपराधियों के हाथों मारे गए व्यक्ति’ के परिवार से मिलने आए हैं।

उन्होंने बताया कि पीड़ित के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है।

बरुआ ने कहा, ‘‘मैं चिंतित हूं कि एक निर्दोष व्यक्ति की जान संभावित रूप से अपराधियों की वजह से गई। हम इस संबंध में विस्तृत जांच करना चाहते हैं।’’

पिछले महीने से ही असम-मिजोरम सीमा पर तनाव पसरा हुआ है क्योंकि यहां स्थित कई घरों को अपराधियों ने क्षतिग्रस्त किया था, जिसके बाद दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है।

असम के कछार जिले के 45 वर्षीय व्यक्ति इंताजुल लस्कर की मौत सोमवार को एक अस्पताल में हो गई। असम सरकार का दावा है कि व्यक्ति का अपहरण किया गया जबकि मिजोरम के अधिकारियों का कहना है कि लस्कर मादक पदार्थ की तस्करी करता था और वह बचने की कोशिश के दौरान गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गई।

असम के मुख्य सचिव ने कहा कि समस्या का शांतिपूर्ण समाधान तलाशने के लिए सभी संभावित कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह एक अंतरराज्यीय मुद्दा है, दो अलग समुदायों के बीच का मामला है और इसका निपटारा शांतिपूर्ण तरीके के अलावा किसी और अन्य तरीके से करने का सवाल ही नहीं पैदा होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\