Central Bank of India Net Profit: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का दिसंबर तिमाही का प्रॉफिट 33 प्रतिशत बढ़कर 959 करोड़ पर पहुंचा
सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का चालू वित्त वर्ष की दिसंबर में समाप्त तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 33 प्रतिशत बढ़कर 959 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 718 करोड़ रुपये था.
नयी दिल्ली, 20 जनवरी सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का चालू वित्त वर्ष की दिसंबर में समाप्त तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 33 प्रतिशत बढ़कर 959 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 718 करोड़ रुपये था.बैंक ने सोमवार को शेयर बाजार को अक्टूबर-दिसंबर, 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजों की सूचना दी.
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 9,739 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 9,139 करोड़ रुपये थी.सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ब्याज आय भी बढ़कर 8,509 करोड़ रुपये हो गई जो साल भर पहले की समान अवधि में 7,809 करोड़ रुपये थी.
आलोच्य अवधि में बैंक का परिचालन लाभ बढ़कर 1,963 करोड़ रुपये हो गया जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह 1,931 करोड़ रुपये था.ये भी पढ़े:6 जनवरी को खुल रहा 410 करोड़ का IPO, जानें- प्राइस बैंड, GMP से लॉट साइज तक हर जरूरी डिटेल
परिसंपत्ति की गुणवत्ता के मामले में बैंक की सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) एक साल पहले के 4.50 प्रतिशत से घटकर दिसंबर, 2024 के अंत में कुल कर्ज का 3.86 प्रतिशत रह गईं.
शुद्ध एनपीए भी पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के अंत में 1.27 प्रतिशत से घटकर बीती तिमाही में 0.59 प्रतिशत हो गए.
बैंक ने कहा कि उसे फ्यूचर जनरली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (एफजीआईआईसीएल) में फ्यूचर एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एफईएल) की 24.91 प्रतिशत हिस्सेदारी और फ्यूचर जनरली इंडिया लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (एफजीआईएलआईसीएल) में एफईएल की 25.18 प्रतिशत हिस्सेदारी के प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए 15 अक्टूबर, 2024 को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की मंजूरी मिल गई है.
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 20, 2025 03:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

