सीएम भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कहा- छत्तीसगढ़ को 'गरीब कल्याण रोजगार अभियान' में शामिल करें
सीएम भूपेश बघेल ने रविवार को मांग की कि केंद्र हाल ही में शुरू किये गये ‘गरीब कल्याण रोजगार अभियान’ में उनके राज्य को भी शामिल करे.
रायपुर: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने रविवार को मांग की कि केंद्र हाल ही में शुरू किये गये ‘गरीब कल्याण रोजगार अभियान’ में उनके राज्य को भी शामिल करे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले ही रोजगार सृजन पर केंद्रित यह ग्रामीण लोकनिर्माण अभियान शुरू किया था. पीएम मोदी को लिखे पत्र में बघेल ने कहा कि मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा जैसे पड़ोसी राज्यों को इस अभियान में शामिल किया गया है लेकिन इन राज्यों की जैसी आर्थिक एवं सामाजिक समानताओं के बावजूद छत्तीसगढ़ को उससे दूर रखा गया है.
यह योजना प्रवासी श्रमिकों को आजीविका का अवसर प्रदान करने के लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा के 116 जिलों में 20 जून,2020 को शुरू की गयी. बघेल ने पत्र में लिखा है कि यदि छत्तीसगढ़ को इस योजना में शामिल किया गया तो जो प्रवासी श्रमिक छत्तीसगढ़ लौटे हैं उन्हें उनकी रूचि और कौशल के हिसाब से रोजगार के अवसर मिलेंगे. यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: रायगढ़ जिले में करंट लगने से हुई हाथी की मौत, मामले में FIR दर्ज, दो लोग गिरफ्तार.
उन्होंने कहा कि पूरा देश कोविड-19 महामारी का दंश झेल रहा है और इस संकट की सबसे अधिक मार श्रमिकों पर पड़ी है एवं अब तक पांच लाख से अधिक मजदूर छत्तीसगढ़ लौटे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य का तीन-चौथाई हिस्सा बहुत पिछड़ा है और वनों से ढंका है एवं करीब 80 फीसदी जनसंख्या अनुसूचित जाति/जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों की है.
मुख्यमंत्री ने लिखा है कि राज्य की 90 फीसद जनसंख्या कृषि और श्रम पर आश्रित है एवं गरीबों, कृषि श्रमिकों, प्रवासी श्रमिकों एवं सीमांत किसानों में निराशा की भावना है क्योंकि राज्य को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2020 08:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

