मुंबई, 16 मई कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने शनिवार को कहा कि केन्द्र को कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के कारण उत्पन्न हुए संकट के दौरान राज्यों को वित्तीय सहायता दिये जाने संबंधी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मांग को स्वीकार करना चाहिए।
राहुल ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा था, ‘‘आप (सरकार) कर्ज दीजिए, लेकिन भारत माता को अपने बच्चों के साथ साहूकार का काम नहीं करना चाहिए, सीधे उनकी जेब में पैसे देना चाहिए। इस वक्त गरीबों, किसानों और मजदूरों को कर्ज की जरूरत नहीं, पैसों की जरूरत है।’’
राहुल ने कहा, ‘‘ मैं आग्रह करता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पैकेज पर पुनर्विचार करना चाहिए।’’
थोराट ने कहा, ‘‘देश की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इस मांग पर केन्द्र को विचार करना चाहिए कि प्रवासी श्रमिकों, गरीब, मध्यम वर्ग और वरिष्ठ नागरिकों के खातों में सीधे नकदी डाली जानी चाहिए।’’
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख थोराट ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र न केवल एक बड़ा राज्य है, बल्कि अद्वितीय भी है और यह राज्य देश के आर्थिक विकास का केन्द्र है लेकिन महामारी के कारण इसका राजस्व बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम राहुल गांधी की इस बात से सहमत हैं कि महाराष्ट्र आर्थिक विकास का केंद्र है और देश में रोजगार पैदा करने वाला राज्य भी है।’’
थोराट ने आरोप लगाया कि केंद्र ने महामारी का मुकाबला कर रहे महाराष्ट्र या अन्य राज्यों को मदद नहीं दी, और इन्हें तुरंत ‘‘पर्याप्त सहायता’’ देना शुरू किया जाना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY