देश की खबरें | पटरी पर रखा सीमेंट का 'ब्लॉक' वंदे भारत ट्रेन से टकराया, कोई नुकसान नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के पाली जिले में अज्ञात बदमाशों ने ट्रेन की पटरी पर सीमेंट का 'ब्लॉक' रख दिया जो अहमदाबाद-जोधपुर वंदे भारत ट्रेन से टकरा गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जयपुर, 26 अगस्त राजस्थान के पाली जिले में अज्ञात बदमाशों ने ट्रेन की पटरी पर सीमेंट का 'ब्लॉक' रख दिया जो अहमदाबाद-जोधपुर वंदे भारत ट्रेन से टकरा गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, इस हादसे में कोई नुकसान नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना पिछले शुक्रवार को हुई जब पटरी पर रखा सीमेंट का 'ब्लॉक' वंदे भारत ट्रेन के कैटल गार्ड से टकराया। इसके बाद ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी।
सुमेरपुर थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात सुमेरपुर थाने के जवाई और बिरोलिया के बीच हुई। इस घटना के संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि फुटपाथ बनाने में इस्तेमाल होने वाले सीमेंट के ब्लॉक के टुकड़े ट्रैक पर मिले हैं।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि इस घटना के कारण ट्रेन आठ मिनट तक रुकी रही। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि पटरी की जांच और उसे साफ करने के बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
वहीं, राज्यसभा सदस्य व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस घटना में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
एक बयान के अनुसार राठौड़ ने जोधपुर और अजमेर रेल मंडल के आला अधिकारियों से फोन पर बात कर ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर जांच करने की मांग की और रेलवे पटरियों की सुरक्षा को चाक चौबंद करने के पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2024 08:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

