देश की खबरें | सीईसी कुमार ने चुनाव अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए आयोग से नवीनतम प्रौद्योगिकी का उपयोग करने को कहा

नयी दिल्ली, छह जून मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग की प्रशिक्षण शाखा से चुनाव अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए कृत्रिम मेधा सहित नवीनतम प्रौद्योगिकी का उपयोग करने का सुझाव दिया।

द इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम) स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव कराने के लिए चुनाव अधिकारियों और अन्य हितधारकों को प्रशिक्षित, तैयार और सुसज्जित करने के लिए 2011 में स्थापित निर्वाचन आयोग की प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण शाखा है।

कुमार ने कहा, ‘‘चुनाव प्रक्रिया इतनी मजबूत है कि सभी दिशानिर्देशों, सूचनाओं और प्रपत्रों को संहिताबद्ध और मानकीकृत किया गया है। उन्हें कृत्रिम मेधा (एआई) उपकरणों के माध्यम से आसान संदर्भ, खोज और इंटरैक्टिव प्रशिक्षण के लिए एक तरह से एकीकृत करने की आवश्यकता है।’’

उन्होंने महसूस किया कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में, आईआईआईडीईएम को अन्य लोकतंत्रों में भी चुनाव अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए सहयोग का विस्तार करने की आवश्यकता है।

कुमार ने यहां आईआईआईडीएम के छात्रावास ब्लॉक के उद्घाटन के मौके पर यह टिप्पणी की।

निर्वाचन आयोग के एक बयान के अनुसार, चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे ने इस बात पर जोर दिया कि भारत में एक करोड़ चुनाव अधिकारियों के साथ 10 लाख से अधिक मतदान केंद्रों पर काम की सटीकता के साथ चुनाव कराना उचित प्रशिक्षण के साथ ही संभव है।

उन्होंने कहा कि आईआईआईडीईएम जैसी संस्था स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करती है।

उन्होंने कहा कि आईआईआईडीईएम विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान और अन्य चुनाव प्रबंधन निकायों से चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने आईआईआईडीईएम अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान को विचार प्रक्रिया, बहस और लोकतंत्र के बारे में चर्चा का आधार बनना चाहिए।

यह स्वीकार करते हुए कि चुनाव कर्मचारी सरकारी क्षेत्र में सबसे अच्छे प्रशिक्षित हैं, गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि आईआईआईडीईएम को अब 2024 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए नवीनतम आवश्यकताओं के अनुरूप होना होगा।

मंगलवार को उद्घाटन किए गए छात्रावास भवन में 84 कमरे और नौ सुइट्स हैं।

भारत में चुनाव अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के अलावा, आईआईआईडीईएम दुनिया भर में चुनाव प्रबंधन निकायों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करता है। अब तक, आईआईआईडीईएम द्वारा आयोजित 122 कार्यक्रमों के माध्यम से 117 देशों के 2,478 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागियों को लाभ हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)