देश की खबरें | नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई ने गुजरात में छापेमारी की, झारखंड में पत्रकार गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले में गुजरात में सात स्थानों पर छापेमारी की और झारखंड में एक पत्रकार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 29 जून केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले में गुजरात में सात स्थानों पर छापेमारी की और झारखंड में एक पत्रकार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक हिंदी अखबार के पत्रकार जमालुद्दीन अंसारी को शुक्रवार को हजारीबाग के एक स्कूल के प्रधानाचार्य और उपप्रधानाचार्य की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। ये दोनों प्रश्नपत्र लीक मामले में आरोपी हैं।
ओएसिस स्कूल के प्रधानाचार्य एहसानुल हक और उपप्रधानाचार्य इम्तियाज आलम को मेडिकल प्रवेश परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में संघीय जांच एजेंसी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
उन्होंने बताया कि चार जिलों - आनंद, खेड़ा, अहमदाबाद और गोधरा में संदिग्धों के परिसरों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। जांच एजेंसी गुजरात, राजस्थान, बिहार, दिल्ली और झारखंड में एक बड़ी साजिश की जांच कर रही है।
गोधरा की एक विशेष सीबीआई अदालत ने शनिवार को जय जलाराम स्कूल के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम शर्मा, शिक्षक तुषार भट्ट और बिचौलियों विभोर आनंद तथा आरिफ वोहरा को जांच एजेंसी की चार दिन की हिरासत में भेज दिया और इन सभी पर गोधरा में पांच मई को हुई नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप है।
गुजरात पुलिस ने प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रधानाचार्य और शिक्षक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई जांच से पता चला है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा गोधरा और खेड़ा में चुने गए परीक्षा केंद्रों पर एक ही स्कूल प्रशासन का नियंत्रण था।
एजेंसी ने नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं में ‘‘अंतरराज्यीय संपर्क’’ से जुड़ी ‘‘एक बड़ी साजिश’’ का दावा किया है।
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई पुरुषोत्तम शर्मा, तुषार भट्ट, विभोर आनंद और आरिफ वोहरा से पूछताछ करेगी, जिनके बारे में समझा जाता है कि उनके पास ‘‘नीट-यूजी परीक्षा में हेराफेरी की व्यापक साजिश को उजागर करने’’ से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी है।
जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि जांच को आगे बढ़ाना और बड़ी साजिश का पता लगाना जरूरी है।
सीबीआई ने इस मामले में छह प्राथमिकी दर्ज की हैं।
बिहार में दर्ज प्राथमिकी प्रश्नपत्र लीक होने से संबंधित है, जबकि गुजरात और राजस्थान में दर्ज प्राथमिकी अभ्यर्थियों के स्थान पर किसी और व्यक्ति के परीक्षा देने और धोखाधड़ी से संबंधित है।
एनटीए ने देश भर के सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की थी।
इस साल पांच मई को कुल 571 शहर के 4,750 केंद्र पर परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में 23 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 29, 2024 08:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

