देश की खबरें | सीबीआई ने 2435 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी में बिजली कंपनी व पूर्व प्रवर्तक के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सीजे पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशन्स लिमिटेड और इसके पूर्व प्रवर्तक गौतम थापर के खिलाफ 2,435 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में आरोप पत्र दायर कर दिया है। धोखाधड़ी के इस मामले में 12 बैंक प्रभावित हुए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, चार जनवरी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सीजे पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशन्स लिमिटेड और इसके पूर्व प्रवर्तक गौतम थापर के खिलाफ 2,435 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में आरोप पत्र दायर कर दिया है। धोखाधड़ी के इस मामले में 12 बैंक प्रभावित हुए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने कंपनी, थापर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ बैंक के कोष में हेरफेर करने और बहीखातों में छेड़छाड़ करने के आरोपों की 19 महीने तक जांच की और इसके बाद आरोप पत्र दायर किया।
थापर ‘यस बैंक’ के सह-संस्थापक राणा कपूर के साथ कथित रिश्तों को लेकर कई जांचों का सामना कर रहे हैं। कपूर के खिलाफ सीबीआई ने भ्रष्टाचार एवं धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया हुआ है।
सीबीआई ने विशेष अदालत में दायर अपने आरोप पत्र में इल्ज़ाम लगाया है कि आरोपियों ने कर्ज में ली गई बड़ी राशि को बदल संबंधित पक्षों को भेज दिया और इसके लिए बहीखातों में समायोजन प्रविष्टियां दर्ज की गईं।
उन्होंने आरोप लगाया है कि जांच में पता चला है कि आरोपियों ने अन्य बैंकों से लिए गए ऋण के बारे में जानकारी दिये बिना उन्हीं जमानती दस्तावेजों के आधार पर और कर्ज लिया।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों ने बहीखातों, प्रविष्टियों और वाउचर में हेरफेर कर कर्ज लिया है।
यह मामला भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शिकायत पर आधारित है। एसबीआई ने बैंकों के संघ में शामिल 11 अन्य बैंकों की तरफ से की शिकायत में दावा किया था कि 2435 करोड़ रुपये के कर्ज में 12.81 फीसदी पैसा उसका है जबकि कर्ज में 11.75 प्रतिशत हिस्सेदारी यस बैंक की है।
कंपनी की भारत, इंडोनेशिया और हंगरी में औद्योगिक और बिजली प्रणाली इकाइयां हैं और यह 1988 से एसबीआई से जुड़ी हुई है।
सीबीआई के एक बयान के मुताबिक, आरोपियों ने एसबीआई, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एक्सिस बैंक, यस बैंक, कॉरपोरेशन बैंक, बार्कलेज बैंक और इंडसइंड बैंक समेत संघ में शामिल अन्य बैंकों साथ धोखाधड़ी की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)