देश की खबरें | एम्ब्रेयर सौदा मामले में सीबीआई ने आरोपपत्र दाखिल किया

नयी दिल्ली, पांच जून केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एम्ब्रेयर भ्रष्टाचार मामले में हथियारों के सौदागर अरविंद खन्ना, वकील गौतम खेतान और व्यवसायी अनूप गुप्ता के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह मामला रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) से जुड़े तीन विमानों के एक सौदे को ब्राजील की फर्म एम्ब्रेयर के पक्ष में कराने के लिए 57.6 लाख अमेरिकी डॉलर की कथित रिश्वत दिए जाने से जुड़ा है।

एजेंसी ने हाल में एक विशेष सीबीआई अदालत में खन्ना, खेतान और गुप्ता के खिलाफ भादंसं की आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के प्रावधानों से संबंधित धारा 120-बी के तहत आरोपपत्र दाखिल किया।

एजेंसी ने अनिवासी भारतीय व्यवसायी विपिन खन्ना की मृत्यु के बाद उनके खिलाफ खिलाफ कार्यवाही बंद कर दी है।

वर्ष 2008 में ब्राजील की फर्म एम्ब्रेयर के साथ किया गया सौदा उन तीन विमानों से संबंधित है जिनका इस्तेमाल डीआरडीओ द्वारा हवाई रडार प्रणाली स्थापित करने के लिए किया जाना था।

सीबीआई ने आरोप लगाया है कि डीआरडीओ में अधिकारियों को प्रभावित करने के लिए सिंगापुर स्थित इंटरदेव कंपनी के माध्यम से एम्ब्रेयर की सहायक कंपनियों से विपिन खन्ना को 57.6 लाख अमेरिकी डॉलर की रिश्वत दी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)