देश की खबरें | सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में सीए को गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता के पूर्व लेखा परीक्षक बताए जा रहे चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, आठ फरवरी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता के पूर्व लेखा परीक्षक बताए जा रहे चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई ने हैदराबाद निवासी बुचिबाबू गोरंटला को आबकारी नीति से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था। केन्द्रीय एजेंसी के हैदराबाद और नयी दिल्ली स्थित कार्यालयों में पिछले साल अगस्त से अक्टूबर के बीच गोरंटला से 15 बार पूछताछ की गई है।
सीबीआई ने कथित आरोपों के संबंध में इस साल भी एक और चार फरवरी को गोरंटला से पूछताछ की थी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनसे पूछताछ की थी।
सीबीआई ने गोरंटला को विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जिसने उसे 11 फरवरी तक के लिए केन्द्रीय एजेंसी की हिरासत में भेज दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई दिल्ली आबकारी नीति बनाने और उसे लागू करने में संदिग्धों द्वारा की गई साजिश, धन के लेन-देन और सरकारी अधिकारियों/कर्मचारियों सहित अन्य आरोपियों की भूमिकाओं का पता लगाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने मंगलवार की रात गोरंटला को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने आरोप लगाया है कि अब रद्द की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 को बनाने और उसके कार्यान्वयन में गोरंटला की भूमिका से हैदराबाद स्थित थोक एवं खुदरा लाइसेंसधारियों को ‘‘अनुचित लाभ’’ पहुंचा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)