जरुरी जानकारी | महंगाई के आंकड़े जारी होने से पहले बाजार में सतर्क रुख, सेंसेक्स 326 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 325 अंक से अधिक के नुकसान के साथ बंद हुआ। मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के बीच आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में बिकवाली दबाव रहा।
मुंबई, 13 नवंबर स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 325 अंक से अधिक के नुकसान के साथ बंद हुआ। मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के बीच आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में बिकवाली दबाव रहा।
दिवाली के दिन की बढ़त को गंवाते हुए 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 325.58 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 64,933.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 406.09 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 82 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,443.55 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, नेस्ले, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और इंडसइंड बैंक शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को उल्लेखनीय बढ़त में रहे थे।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.27 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने रविवार को 190.06 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
शेयर बाजार में दीपावली के मौके पर 12 नवंबर को एक घंटे का विशेष मुहूर्त कारोबार हुआ।
बीएसई सेंसेक्स रविवार को सम्वत 2080 के पहले दिन 354.77 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 65,259.45 अंक पर बंद हुआ था। एनएसई निफ्टी भी 100.20 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,525.55 अंक पर बंद हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 13, 2023 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

