देश की खबरें | नकदी बरामदगी: कांग्रेस ने अपने सांसद के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की : भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू से जुड़ी एक डिस्टिलरी कंपनी में छापेमारी के दौरान 300 करोड़ रू से अधिक की नकदी बरामद होने को लेकर रविवार को उस पर निशाना साधा।
शिमला, 10 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू से जुड़ी एक डिस्टिलरी कंपनी में छापेमारी के दौरान 300 करोड़ रू से अधिक की नकदी बरामद होने को लेकर रविवार को उस पर निशाना साधा।
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने नेता के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
कांग्रेस ने हालांकि पार्टी के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू से जुड़े कुछ परिसरों से बड़े पैमाने पर नकदी की बरामदगी के बाद शनिवार को कहा था कि उसका साहू के कारोबार से कोई लेना-देना नहीं है, तथा इस मामले पर उन्हें ही अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता अविनाश राय खन्ना ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस नेता लोगों को ईमानदारी पर भाषण देते हैं जबकि लोग जब्त नकदी के ढेर देख रहे हैं।
ओडिशा की बौद्ध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ आयकर विभाग द्वारा की गई छापेमारी में अब तक भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। उनके मुताबिक छापेमारी के दौरान साहू से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली गई।
खन्ना ने कहा कि यह पहली बार है कि लॉकरों और अन्य स्थानों पर रखी इतनी बड़ी नकदी आयकर विभाग ने जब्त की है।
भाजपा नेता ने कहा कि अब तक 300 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की जा चुकी है और कई लॉकर खोले जाने बाकी हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस ने सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे पार्टी का असली चेहरा उजागर होता है।
कांग्रेस नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए खन्ना ने कहा, ‘‘यह जनता से लूटा गया पैसा है।’’
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘सांसद धीरज साहू के व्यवसाय से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। सिर्फ वही बता सकते हैं और उन्हें यह स्पष्ट भी करना चाहिए कि कैसे आयकर अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर उनके ठिकानों से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की जा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)