एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नकदी मामला : आदर्श आचार संहिता उल्लंघन को लेकर भाजपा नेता तावडे के खिलाफ दो प्राथमिकियां दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले, मंगलवार को पालघर के एक होटल में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटने के सिलसिले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव विनोद तावडे, पार्टी उम्मीदवार राजन नाइक और अन्य के खिलाफ दो प्राथमिकियां दर्ज कीं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

देश की खबरें | नकदी मामला : आदर्श आचार संहिता उल्लंघन को लेकर भाजपा नेता तावडे के खिलाफ दो प्राथमिकियां दर्ज

मुंबई, 19 नवंबर महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले, मंगलवार को पालघर के एक होटल में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटने के सिलसिले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव विनोद तावडे, पार्टी उम्मीदवार राजन नाइक और अन्य के खिलाफ दो प्राथमिकियां दर्ज कीं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

पत्रकार वार्ता को कथित तौर पर संबोधित करने की कोशिश करने को लेकर भाजपा और बहुजन विकास आघाडी (बीवीए) के पदाधिकारियों के खिलाफ एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई।

राज्य में बुधवार को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के सिलसिले में लागू आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर जिले के तुलिंज थाने में तीनों मामले दर्ज किए गए।

पुलिस ने बताया कि पहली प्राथमिकी में तावडे और अन्य पर आचार संहिता का उल्लंघन कर एक होटल में एकत्रित होने का आरोप है, जबकि दूसरी प्राथमिकी में उन पर नकदी और शराब की पेशकश कर मतदाताओं को लुभाने का आरोप है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से कुछ घंटे पहले, बहुजन विकास आघाडी के नेता हितेंद्र ठाकुर ने तावडे पर मतदाताओं को लुभाने के लिए मुंबई से 60 किलोमीटर दूर विरार के एक होटल में पांच करोड़ रुपये बांटने का आरोप लगाया।

हालांकि, भाजपा नेता तावडे ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि वह केवल पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन दे रहे थे।

एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार रात कहा कि होटल से 9,93,500 रुपये नकद जब्त किये गए हैं।

तुलिंज थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पहली प्राथमिकी में होटल की पांचवीं मंजिल पर अवैध रूप से एकत्र होने और बैठक करने को लेकर भाजपा नेता विनोद तावडे, नालासोपारा से भाजपा उम्मीदवार राजन नाइक और पार्टी पदाधिकारी मनोज बारोट समेत 22 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 200 से 250 अज्ञात पार्टी कार्यकर्ताओं को आरोपी के रूप में दर्शाया गया है क्योंकि उन सभी के ऐसा करने से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है।’’

एक अन्य प्राथमिकी में 200 से 250 अज्ञात पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ 34 अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है जिनमें तावडे, नाइक और बारोट शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि इन व्यक्तियों पर लोगों को नकदी और शराब का प्रलोभन देकर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है।

अधिकारी ने बताया कि दोनों मामले भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं और जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर सामने आये एक वायरल वीडियो में बीवीए पार्टी के समर्थक विरार के होटल के कमरे में घुसते और तावडे के चेहरे की ओर नकदी के बंडल उछालते दिख रहे हैं। उसके बाद पुलिस तावडे को वहां से बाहर ले गई।

मीरा भयंदर-वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस के एक उपायुक्त ने कहा, ‘‘होटल में जो कुछ भी हुआ, हम उसके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन भी अवैध था। हम कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे। ’’

होटल में तीन घंटे से अधिक समय के हंगामे के बाद हितेंद्र ठाकुर, उनके बेटे क्षितिज, तावडे और भाजपा उम्मीदवार नाइक ने संवाददाता सम्मेलन करने का प्रयास किया, लेकिन निर्वाचन अधिकारियों द्वारा इसे रोक दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 19, 2024 11:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).