देश की खबरें | छात्रा की आत्महत्या के मामले में दो शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के बनवा रोड स्थित घासीराम तालाब की रहने वाली एक छात्रा के कॉलेज में हुई कथित प्रताड़ना के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

बाराबंकी, एक सितंबर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के बनवा रोड स्थित घासीराम तालाब की रहने वाली एक छात्रा के कॉलेज में हुई कथित प्रताड़ना के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोप है कि कॉलेज की एक शिक्षक एवं शिक्षिका पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप है । इसमें यह भी कहा गया है कि उसने घर पर फंदे से लटककर जान दे दी थी। परिजनों को छात्रा का सुसाइड नोट भी मिला था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बृहस्पतिवार शाम को दोनों शिक्षकों के विरुद्ध आत्महत्या के लिये उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

छात्रा की मां नसरीन बानो का आरोप हैं कि वह इस मामले की शिकायत के लिए कोतवाली गयी थी लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उसने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की ।

पुलिस के मुताबिक शहर के बनवा रोड स्थित घासीराम तालाब के निकट रहने वाली नसरीन बानो ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में उन्होंने अपनी दो बेटियों सानिया बानो तथा मारिया बानो का प्रवेश अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज (सरकारी सहायता प्राप्त) में कराया।

मां ने आरोप लगाया कि 27 मई को शिक्षिका वस्फी खातून द्वारा सानिया से 11 सौ रुपये फीस लेकर कम की रसीद दी गई और सानिया ने जब इसका विरोध किया तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।

छात्रा की मां का आरोप है कि शिक्षिका ने छात्रा से कहा कि नीची जाति की होकर ऊंची जातियों की बराबरी करती हो। लेकिन कोतवाली पुलिस ने उसकी बात को अनसुनी कर दिया। जिसके बाद मृत छात्रा की मां पुलिस अधीक्षक के समक्ष पहुंचकर गुहार लगाई।

मृत छात्रा की मां ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि बीते चार अगस्त को छात्रा को प्रताड़ित करते हुए कक्षा के बाहर खड़ा कर दिया गया और उसी दिन घर आकर उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर बृहस्पतिवार की शाम को नगर कोतवाल संजय मौर्य ने शिक्षिका वस्फी खातून एवं शिक्षक तौहीद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है तथा मामले की पड़ताल की जा रही है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\