देश की खबरें | राष्ट्रीय स्वयंसेवाक संघ के कार्यकर्ता की पिटाई के आरोप में बसपा नेता समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज

पीलीभीत (उप्र), 17 सितंबर पीलीभीत जिले के जहानाबाद इलाके में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता की पिटाई करने के आरोप में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता तथा दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह भी आरोप है कि आरोपियों ने जहानाबाद इलाके के रम्पुरा मिश्र गांव की एक दलित बस्ती में लगे संघ के झंडे को भी हटा दिया।

पुलिस ने कहा कि संघ के कार्यकर्ता देवेश की पिटाई तब की गई जब वह इलाके में "शाखा" लगाने गए थे।

जहानाबाद के थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि संघ कार्यकर्ता देवेश की शिकायत पर बसपा विधानसभा इकाई अध्यक्ष नरेंद्र गौतम, सर्वेश कुमार और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह मुकदमा भारतीय दंड विधान की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 298 (धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना), 504 (जानबूझकर अपमान) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज किया गया है।

बाद में संघ और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता जहानाबाद थाने पहुंचे, जहां बसपा नेता भी जमा हो गए। थाने में दोनों गुटों में तीखी नोकझोंक हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)