देश की खबरें | केरल में पुलिस थाने की नाकाबंदी को लेकर कांग्रेस के तीन विधायकों और एक सांसद के खिलाफ मामला दर्ज

कोच्चि, दो जनवरी केरल के कोच्चि में एक जनवरी की रात एक स्थानीय पुलिस थाने की नाकाबंदी करने के आरोप में विपक्षी दल कांग्रेस के तीन विधायकों और एक लोकसभा सदस्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस नेता पार्टी कार्यकर्ताओं के एक समूह की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस थाने पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

कांग्रेस के इन कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन और उनके कैबिनेट सहयोगियों के खिलाफ काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दंगा करने और ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। सोमवार रात शहर के पलारीवट्टोम पुलिस थाने में तनाव व्याप्त हो गया, क्योंकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने सहयोगियों की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए उनकी रिहाई की मांग की।

पुलिस के कांग्रेस के गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को मंगलवार तड़के मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद विरोध समाप्त हो गया। इसके बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

एर्णाकुलम के सांसद हिबी ईडन के अलावा विधायक उमा थॉमस, टी जे विनोद और अनवर सादात सहित कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जब वे गिरफ्तार पार्टी कार्यकर्ताओं को थाने से जमानत नहीं मिलने के बारे में पूछताछ करने के लिए वहां (थाने) पहुंचे तो पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ सांसद, तीन विधायकों और अन्य कांग्रेस नेताओं के एक समूह के खिलाफ दंगा करने और पुलिस कर्तव्यों में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 143, 147, 283 समेत कई धाराएं लगाई गई हैं। ’’

इस बीच, विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)