बरेली (उत्तर प्रदेश), 10 जून वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार के भतीजे द्वारा होमगार्ड की पिटाई का वीडियो शुक्रवार को वायरल होने के बाद पुलिस ने इस संबंध में पहले से दर्ज एक मामले में अन्य धाराएं जोड़ी हैं।
पुलिस ने उक्त जानकारी दी।
वीडियो में मंत्री का भतीजा अमित कुमार सक्सेना और दो अन्य लोग एक होमगार्ड की पिटाई करते नजर आ रहे हैं।
बरेली के पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार ने बताया कि प्रेमनगर थाने में तैनात होमगार्ड ओमेंद्र ने बरेली शहर के इज्जतनगर थाने में अमित कुमार सक्सेना, अंकित अग्निहोत्री और एक अज्ञात युवक के खिलाफ शिकायत दी थी जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी और पुलिस ने बृहस्पतिवार को अमित कुमार सक्सेना को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन उसी दिन उन्हें जमानत मिल गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को प्राथमिकी में धारा 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला) को जोड़ा गया है। घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है जब मंत्री के भतीजे अमित कुमार सक्सेना, अंकित अग्निहोत्री और एक अज्ञात युवक ने कार से उतरकर होमगार्ड को लात-घूंसे मारे और उसकी वर्दी फाड़ दी।
होमगार्ड ने शिकायत में कहा था कि मारपीट करने वाले ने अपनी पहचान राज्य मंत्री अरुण कुमार के भतीजे अमित कुमार सक्सेना और दूसरे अंकित अग्निहोत्री के रूप में बताई और मामले की सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी।
एसपी ने कहा कि इस सिलसिले में अंकित अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY