देश की खबरें | महाकालेश्वर मंदिर में बॉलीवुड गाने पर वीडियो शूट करने वाली युवती के खिलाफ मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस ने उज्जैन में स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर में बॉलीवुड गाने पर अपना वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में इंदौर की एक युवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

भोपाल/ उज्जैन, 11 अक्टूबर पुलिस ने उज्जैन में स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर में बॉलीवुड गाने पर अपना वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में इंदौर की एक युवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के निर्देश के बाद पुलिस ने युवती के खिलाफ भादंवि की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है।

उज्जैन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्येंद्र शुक्ला ने सोमवार शाम को कहा, ‘‘वीडियो का संज्ञान लेते हुए महिला के खिलाफ भादंवि की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। महिला को नोटिस जारी किया गया है।’’

इससे पहले दिन में नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में पत्रकारों से कहा कि उन्होंने वीडियो देखा है और उज्जैन के एसपी को महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।’’

मिश्रा ने कहा, ‘‘प्रदेश सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। यह आपत्तिजनक है क्योंकि ऐसा बार-बार हो रहा है। मैं ऐसे लोगों को आगाह कर रहा हूं कि भविष्य में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की ऐसी शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

वीडियो में फिल्मी गीत ‘‘रग रग में तू समाने लगा है’’ गीत पर महिला साड़ी पहने मंदिर के परिसर में खंभों के चारों और घूमते हुए दिखाई दे रही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने के बाद इंदौर की रहने वाली महिला ने दावा किया कि पुजारियों और हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई थी और इसके बाद उसने अपने कृत्य के लिए माफी मांगते हुए एक वीडियो बयान जारी किया है।

महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचन्द जुनवाल ने रविवार को कहा कि वीडियो भगवान शिव के प्रसिद्ध मंदिर महाकालेश्वर मंदिर के परिसर में शूट किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ मनीषा रोशन नामक महिला ने बाद में अपने कृत्य के लिए माफी मांगी और अपने सभी वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिए।’’

रविवार को जारी वीडियो बयान में महिला ने कहा, ‘‘ मैंने उज्जैन के मंदिर में एक वीडियो शूट किया था, जो पुजारियों और हिंदू संगठनों को पसंद नहीं आया और उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। मेरा इरादा किसी को चोट पहुंचाने का नहीं था। मैं इसके लिए माफी मांगती हूं और भविष्य में इस बात का ध्यान रखूंगी कि मेरी किसी भी हरकत से किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।’’

पिछले महीने छतरपुर पुलिस ने एक युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया था। युवती के छतरपुर शहर के एक मंदिर के बाहर बॉलीवुड गानों पर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ था। बाद में युवती ने अपनी हरकत के लिए माफी मांगी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\