एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केन्द्रीय मंत्री और सांसद हमला करने के खिलाफ कांग्रेस विधायक और अन्य के खिलाफ तीन साल बाद मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के बाड़मेर जिले में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल पर हमले के करीब तीन साल बाद पंजाब कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश के बायतु से विधायक हरीश चौधरी एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

देश की खबरें | केन्द्रीय मंत्री और सांसद हमला करने के खिलाफ कांग्रेस विधायक और अन्य के खिलाफ तीन साल बाद मामला दर्ज

जयपुर, 12 अक्टूबर राजस्थान के बाड़मेर जिले में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल पर हमले के करीब तीन साल बाद पंजाब कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश के बायतु से विधायक हरीश चौधरी एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

हालांकि, हरीश चौधरी ने इन आरोपों का खंडन किया है और इसे दुष्प्रचार करार दिया है ।

इस बीच सांसद ने बताया कि यह घटना नवंबर 2019 में हुई थी, जिसके बाद उन्होंने संसद की विशेषाधिकार समिति के समक्ष मामला उठाया था, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों को समिति के समक्ष बुला प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया ।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के नेता बेनीवाल ने बाड़मेर के बायतु थाने में कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी, हरीश के भाई मनीष चौधरी सहित 26 नामजद और 100-150 अन्य लोगों के खिलाफ जान से मारने के इरादे से हमले करने का मामला दर्ज करवाया है ।

थाने के उप निरीक्षक ओम प्रकाश चौधरी ने ममला दर्ज किये जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा करने की सजा), 148 (घातक हथियार से दंगा), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) 427 (नुकसान पहुंचाना) और 336 (जीवन को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सांसद बेनीवाल और मंत्री कैलाश चौधरी की कार पर 12 नवंबर 2019 को हमला हुआ था, जब वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिये बायतु जा रहे थे। सांसद ने अरोप लगाया कि बायतु विधायक हरीश चौधरी के भाई मनीष चौधरी और लगभग 100-150 हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें मारने के इरादे से फलसूंड के पास उनके वाहन पर हमला किया और गोली बारी भी की थी।

बेनीवाल ने 10 अक्टूबर को दर्ज प्राथमिकी में बताया, ‘‘बडी मुश्किल से हमने हमारी जान बचाई। उसके बाद नागौर के खींवसर विधानसभा क्षेत्र में चंपालाल गौड़ हत्याकांड के विरोध प्रदर्शन और आंदोलन में व्यस्त होने के कारण शिकायत आज (10 अक्टूबर) दर्ज करवा रहा हूं।’’

इधर बायतु विधायक हरीश चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्राथमिकी दर्ज करवाना एक मात्र दुष्प्रचार है इसके अलावा कुछ नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि वो यह नहीं समझ पा रहे है कि किस आधार पर संसद की विशेषाधिकार समिति ने मामला दर्ज करने का आदेश दिया है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2022 06:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).