देश की खबरें | मेरठ में भाजपा और हिन्दू संगठन के नेताओं के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने के आरोप में मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा में कथित तौर पर विवादित जमीन पर शव दफनाने को लेकर कल रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी और हिन्दू संगठन के कुछ नेताओं के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मेरठ, चार मार्च उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा में कथित तौर पर विवादित जमीन पर शव दफनाने को लेकर कल रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी और हिन्दू संगठन के कुछ नेताओं के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
थाना कंकरखेड़ा के प्रभारी सुबोध कुमार ने शुक्रवार को बताया कि थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में राजमार्ग में कैलाशी अस्पताल से 100 मीटर आगे दिल्ली की ओर कब्रिस्तान है। बृहस्पतिवार को नंगलाताशी निवासी खैरून्निसा (40) का इंतकाल हो गया था और परिजन शव को कब्रिस्तान में दफनाने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि परिजन शव दफनाने की तैयारी कर रहे थे कि इस बीच डॉ. सागर तोमर नामक व्यक्ति ने मौके पर पहुंच कर उन्हें रोका और बताया कि यह जमीन एमडीए के रिकार्ड में उनके नाम पर दर्ज है। उन्होंने कहा कि यह प्लॉट उन्होंने एमडीए से अक्टूबर में खरीदा है।
कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने दावा किया कि यह जमीन 1973 से कब्रिस्तान के नाम पर है। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
उन्होंने बताया कि सूचना पा कर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर शांत कराया। इस बीच भाजपा के स्थानीय नेता दुष्यंत रोहटा, हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही व तीन अन्य लोग वहां पहुंचे और उनकी मृतक के परिजन के साथ कथित तौर पर हाथापाई हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को काबू में किया। उन्होंने बताया कि मारपीट में एक नेता मामूली रुप से चोटिल हुआ है।
थाना प्रभारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने दुष्यंत रोहटा, सचिन सिरोही और संजय निवासी ब्रह्मपुरी के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
दूसरी ओर से घटना में चोटिल हुए नवाब लखवाया के परिजन की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सं
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2022 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

