एजेंसी न्यूज

भाई-बहन के खिलाफ कोरोना वायरस संक्रमण फैलाने की धमकी देने को लेकर मामला दर्ज

अधिकारी ने बताया कि खरगोन के कोतवाली पुलिस थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो महिला के भाई ने बनाया था।

भाई-बहन के खिलाफ कोरोना वायरस संक्रमण फैलाने की धमकी देने को लेकर मामला दर्ज
जमात

खरगोन, (मप्र) 15 मई मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने 27 वर्षीय महिला और उसके भाई के खिलाफ जानलेवा कोरोना वायरस का संक्रमण फैलाने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। धमकी देने वाले दोनों भाई-बहन कोरोना वायरस से संक्रमित हैं तथा इनकी इस धमकी का वीडियो यहां सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी।

अधिकारी ने बताया कि खरगोन के कोतवाली पुलिस थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो महिला के भाई ने बनाया था।

हालांकि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद महिला ने फिर एक ताजा वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए कहा कि पहले वाला वीडियो ‘‘हताशा और क्रोध’’ में बनाया गया था क्योंकि कुछ पत्रकार उसके पिता के लिए परेशानी उत्पन्न कर रहे थे। उसके पिता भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गये हैं और गंभीर रूप से बीमार हैं।

कोतवाली पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक ललित सिंह डागुर ने बताया कि महिला और उसका 21 वर्षीय भाई चीन में मेडिकल की पढ़ाई करके यहां वापस आए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘खरगोन में कोरोना वायरस संक्रमण फैलाने की धमकी वाला वीडियो पोस्ट करने पर हमने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।’’

पुलिस के अनुसार दोनों भाई बहन के माता-पिता भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गये हैं और उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि यह वीडियो तब बनाया गया था जब बुधवार को भाई और बहन को एम्बुलेंस में उपचार के लिए ले जाया जा रहा था।

डागुर ने बताया कि दोनों के खिलाफ भादवि की धारा 188, धारा 269, धारा 270 तथा आपदा प्रबंध अधिनियम की सम्बद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

दूसरे वीडियो में महिला ने कहा है कि वह और उसका भाई डॉक्टर हैं और उनका कोरोना वायरस फैलाने का कोई इरादा नहीं है।

वीडियो में महिला ने कहा, ‘‘लक्षण देखने के बाद हम स्वयं ही जांच के लिए गये थे। हम डॉक्टर हैं और जानते हैं कि क्या करना है। हमारा इरादा यह नहीं था.. मैं कुछ संवाददाताओं के कारण परेशान थी। आपने देखा कि उन्होंने क्या खबर दी है। मेरे पिता के कोरोना वायरस संक्रमित होने का पता चलने के बाद उन्होंने बेकार के खबरें दी हैं। मेरे पिता गंभीर हालत में हैं।’’

दूसरे वीडियो में महिला ने अपना पुराना वीडियो प्रसारित नहीं करने का भी आग्रह लोगों से किया है।

सं दिमो. अमित

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 07:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).