जरुरी जानकारी | कॉयर बोर्ड कर्मी की मौत: अधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़न के आरोपों की जांच को समिति गठित

नयी दिल्ली, 11 फरवरी सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने कोच्चि में 56 वर्षीय महिला कर्मचारी की मौत के बाद कॉयर बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है।

कोच्चि स्थित कॉयर बोर्ड की अनुभाग अधिकारी जॉली मधु के परिवार ने आरोप लगाया है कि कार्यस्थल पर उत्पीड़न के कारण वह बीमार हुईं और उसके बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

समिति अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच करेगी और 15 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी।

एमएसएमई मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मंत्रालय के संज्ञान में आया है कि विभिन्न मंचों पर कॉयर बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न करने के कुछ आरोप लगाए जा रहे हैं, जिनकी वजह से कॉयर बोर्ड (कोच्चि) की अनुभाग अधिकारी जॉली मधु की अस्पताल में बीमारी से मृत्यु हो गई।’’

एमएसएमई मंत्रालय ने अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच करने और 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कॉयर बोर्ड में अनुभाग अधिकारी और वेन्नाला निवासी जॉली मधु (56) का एक निजी अस्पताल में निधन हो गया, जहां वह मस्तिष्क रक्तस्राव का इलाज करा रही थीं।

मधु के एक रिश्तेदार ने पत्रकारों को बताया कि उसे कार्यस्थल पर गंभीर उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था।

कॉयर बोर्ड केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में आता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)