देश की खबरें | ‘कैप्टेन कूल’ धोनी 39 साल के हुए, चमक दमक से रहे दूर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान और सबसे चहेते क्रिकेटरों में से एक महेंद्र सिंह धोनी 39 साल के हो गये और विभिन्न मंचों पर उन्हें बधाईयां दी जा रही हैं लेकिन हमेशा की तरह वह सोशल मीडिया की चमक दमक से दूर ही रहे।
नयी दिल्ली, सात जुलाई भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान और सबसे चहेते क्रिकेटरों में से एक महेंद्र सिंह धोनी 39 साल के हो गये और विभिन्न मंचों पर उन्हें बधाईयां दी जा रही हैं लेकिन हमेशा की तरह वह सोशल मीडिया की चमक दमक से दूर ही रहे।
टाइगर पटौदी से लेकर विराट कोहली तक भारतीय कप्तानों का अपना अलग चरित्र रहा लेकिन कोई भी धोनी जैसा गुपचुप रहने वाला कप्तान नहीं रहा। पिछले 16 वर्षों से वह लोगों के चहेते बने हुए है लेकिन अब चर्चा यह है कि वह कब संन्यास लेंगे क्योंकि पिछले एक साल से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले हैं।
लेकिन तब भी सिर्फ लोग कयास लगा रहे हैं और धोनी ने हमेशा की तरह अपने पत्ते खोलने में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखायी है और उन्होंने कोविड-19 के इन दिनों में रांची में अपने परिवार के साथ पर्याप्त समय बिताने को ही प्राथमिकता दी है।
धोनी का जिंदगी जीने का अपना निराला अंदाज है और वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना पसंद करते हैं। इसलिए उनके कुछ साथियों ने उन्हें निराले अंदाज में बधाई दी लेकिन उसमें पूरा सम्मान भरा था।
यह भी पढ़े | Gujarat Rains Video: राजकोट में बारिश का कहर, बाढ़ में बहे कई मवेशी.
मोहम्मद कैफ ने उन्हें बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘अगला एमएसडी (महेंद्र सिंह धोनी)? गलती 404, अगला एमएसडी कभी नहीं मिलेगा। ’’
लोग भले ही धोनी से नहीं मिल पाते हैं लेकिन वह उनसे बेइंतहा प्यार करते हैं। ऐसे में वीरेंद्र सहवाग जैसे सुपरस्टार से लेकर केदार जाधव जैसे खिलाड़ी का उनके प्रति सम्मान और प्यार हैरान नहीं करता।
सहवाग ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, ‘‘एक पीढ़ी में एक बार एक खिलाड़ी आता है और राष्ट्र उससे जुड़ जाता है। उसे अपने परिवार के सदस्य जैसे मानता है। कुछ बहुत अपना सा लगता है। ऐसे शख्स को जन्मदिन की शुभकामनाएं जो कई लोगों के लिये उनकी दुनिया है। ’’
जाधव ने इस अवसर पर मराठी में एक लंबा पत्र लिखकर माही के प्रति अपना प्यार और सम्मान जताया है।
हार्दिक पंड्या ने धोनी को बधाई देते हुए लिखा है, ‘‘मेरा दोस्त जिसने मुझे बेहतर इंसान बनना सिखाया और जो बुरे दौर में मेरे साथ खड़ा रहा। ’’
उनके प्रशंसक उन्हें मैदान पर उनके प्रदर्शन से ज्यादा एक भरोसेमंद इंसान के तौर पर अधिक प्यार करते हैं। प्रशंसकों को अब भी उम्मीद है कि उनका यह प्रिय नायक मैदान पर अपने जलवे दिखाएगा इसलिए उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग का इंतजार है ताकि वे चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से धोनी को खेलते हुए देखें।
जन्मदिन की शुभकामनाएं धोनी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2020 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

