देश की खबरें | मंत्रिमंडल ने तरंगा हिल-आबू रोड नई रेल लाइन को मंजूरी दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में पर्यटन, खास तौर पर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सम्पर्क एवं आवाजाही में सुधार के लिये केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तरंगा हिल-अंबाजी-आबू रोड नई रेल लाइन को बुधवार को मंजूरी दे दी । केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 13 जुलाई देश में पर्यटन, खास तौर पर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सम्पर्क एवं आवाजाही में सुधार के लिये केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तरंगा हिल-अंबाजी-आबू रोड नई रेल लाइन को बुधवार को मंजूरी दे दी । केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी।
बैठक के बाद ठाकुर ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 2798.16 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से रेल मंत्रालय द्वारा बनाई जाने वाली तरंगा हिल-अंबाजी-आबू रोड नई रेल लाइन के निर्माण को मंजूरी दी है।
सरकारी बयान के अनुसार, यह प्रस्तावित परियोजना अंबाजी तक सम्पर्क को सुगम बनायेगी तथा इस क्षेत्र के लोगों की आवाजाही में सुधार करेगी। यह अहमदाबाद और आबू रोड के बीच वैकल्पिक मार्ग भी प्रदान करेगी।
इसमें कहा गया है कि नई रेल लाइन की कुल लंबाई 116.65 किलोमीटर होगी। यह परियोजना 2026-27 तक पूरी हो जाएगी तथा इसके निर्माण के दौरान लगभग 40 लाख मानव दिवसों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार पैदा करेगी।
ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नए भारत की परिकल्पना के अनुरूप, यह परियोजना सम्पर्क बढ़ाने और आवाजाही में सुधार करेगी जिससे क्षेत्र का समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास होगा।
अंबाजी एक प्रसिद्ध महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है और भारत में 51 शक्तिपीठों में से एक है तथा हर साल गुजरात के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों व विदेशों से लाखों भक्तों को आकर्षित करता है। इस लाइन के बनने से इन लाखों श्रद्धालुओं को यात्रा करने में आसानी होगी।
इसके अलावा, तरंगा हिल में अजीतनाथ जैन मंदिर (24 पवित्र जैन तीर्थंकरों में से एक) के दर्शन करने वाले भक्तों को भी इस संपर्क से बहुत लाभ होगा।
बयान के अनुसार, तरंगा हिल-अंबाजी-आबू रोड के बीच यह नई रेलवे लाइन इन दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को रेलवे के मुख्य नेटवर्क से जोड़ेगी । यह लाइन कृषि और स्थानीय उत्पादों को तेजी से लाने-ले जाने की सुविधा प्रदान करेगी और गुजरात व राजस्थान राज्य के भीतर तथा देश के अन्य हिस्सों में भी लोगों को बेहतर आवाजाही सुविधा प्रदान करेगी।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2022 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

