Noida: कैब लूटने वाले बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, दो जख्मी हुए
दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से कैब बुक करके ग्रेटर नोएडा में उसे लूटने वाले बदमाशों की उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर पुलिस के साथ सोमवार सुबह मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो बदमाश जख्मी हो गए. पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है.
नोएडा, 18 अप्रैल: दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से कैब बुक करके ग्रेटर नोएडा में उसे लूटने वाले बदमाशों की उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर पुलिस के साथ सोमवार सुबह मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो बदमाश जख्मी हो गए. पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अमित कुमार सिंह ने बताया कि आज तड़के सूचना के आधार पर थाना बीटा-2 पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो पॉइंट के पास कुछ लोगों को जांच के लिए रोका जिनमें से बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी.
उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोली चलाई जो दो बदमाशों के पैर में लगी.
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि उनकी पहचान बुलंदशहर निवासी उस्मान तथा गाजियाबाद के रहने वाले विक्की उर्फ विकास के तौर पर हुई है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उन्होंने बताया कि उनके दो साथी मौके से फरार होने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा करके रवि कुमार तथा मिन्हाज आलम को गिरफ्तार कर लिया. डीसीपी ने बताया कि इनके पास से पुलिस ने लूटी गई कार, दो देसी तमंचे, एक चाकू बरामद किया है. सिंह ने बताया कि आरोपियों ने बरामद कार नोएडा के बहलोलपुर गांव में रहने वाले कैब चालक आबिद से 11 अप्रैल को लूटी थी.
डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने दिल्ली के आनंद विहार से आबिद की कैब बुक की थी और ग्रेटर नोएडा में गाड़ी और अन्य सामान लूट लिया था.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 18, 2022 02:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

