एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उपचुनाव: 29 विधानसभा और तीन लोकसभा सीटों में अधिकतर पर उच्च मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के 13 राज्यों में तीन लोकसभा सीटों और 29 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को 50 प्रतिशत से 90 प्रतिशत तक मतदान हुआ, जिसमें इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता अभय चौटाला, कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह और अन्य जानेमाने नेता मैदान में हैं।

देश की खबरें | उपचुनाव: 29 विधानसभा और तीन लोकसभा सीटों में अधिकतर पर उच्च मतदान

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर देश के 13 राज्यों में तीन लोकसभा सीटों और 29 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को 50 प्रतिशत से 90 प्रतिशत तक मतदान हुआ, जिसमें इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता अभय चौटाला, कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह और अन्य जानेमाने नेता मैदान में हैं।

चौटाला ने केंद्र के तीन नये विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए हरियाणा विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी, जिसके बाद उपचुनाव करवाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ और कोविड-19 संबंधी सभी सुरक्षा उपायों का पालन किया गया।

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर 57.73 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां से प्रतिभा सिंह कांग्रेस प्रत्याशी हैं। उनके खिलाफ कारगिल युद्ध के योद्धा रहे खुशाल सिंह ठाकुर भाजपा के टिकट पर पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं।

मंडी सीट मार्च महीने में भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा की मृत्यु के बाद खाली हो गयी थी।

स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता 104 साल के श्याम शरण नेगी ने किन्नौर जिले के काल्पा में आदर्श मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र और समुद्रतल से 15,256 फीट की ऊंचाई पर स्थित हिमाचल प्रदेश के ताशिगांग गांव में तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे होने के बावजूद शनिवार को शत प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यहां पंजीकृत सभी 47 मतदाताओं - 29 पुरुष और 18 महिलाओं- ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सीट के अलावा फतेहपुर, अर्की तथा जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों के लिए भी उपचुनाव हुआ।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फतेहपुर, अर्की तथा जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों के लिए क्रमश: 66.2 प्रतिशत, 64.97 प्रतिशत और 78.75 प्रतिशत मतदान हुआ।

हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों के अलावा, असम की पांच विधानसभा, पश्चिम बंगाल में चार, मध्य प्रदेश तथा मेघालय की तीन-तीन विधानसभा सीटों, बिहार, कर्नाटक एवं राजस्थान की दो-दो विधानसभा सीटों तथा आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम और तेलंगाना की एक-एक सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान संपन्न हुआ।

इनमें से करीब आधा दर्जन सीटों पर भाजपा, नौ पर कांग्रेस और बाकी पर क्षेत्रीय दलों के विधायक रहे हैं।

मतगणना दो नवंबर को होगी।

बिहार विधानसभा की दो सीटों के कुशेश्वर स्थान और तारापुर में करीब 49.60 प्रतिशत मतदान हुआ। इन दोनों सीटों पर जनता दल यूनाइटेड को पिछली बार जीत मिली थी।

मेघालय में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान शांतिपूर्ण रहा और सबसे अधिक 90.63 प्रतिशत मतदान राजाबाला सीट पर दर्ज किया गया जबकि मावफलांग और मावरिंगकेनेंग सीट पर क्रमश: 76.9 और 75.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्य की मावफलांग सीट पर पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी यूजीनसन लिंगदोह यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक केनेडी सी. खैरियम को उनका मुख्य प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है। मौजूदा जिला परिषद सदस्य और एनपीपी प्रत्याशी लामफरांग ब्लाह भी मैदान में हैं।

हरियाणा के ऐलनाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में हुये उपचुनाव में 80 प्रतिशत मतदान हुआ। इनेलो नेता ओमप्रकाश चौटाले के बेटे अभय चौटाला के खिलाफ कांग्रेस के पवन बेनीवाल और भाजपा-जजपा की तरफ से गोबिंद कांडा उम्मीदवार हैं।

चार बार के विधायक चौटाला की नजर जीत की हैट्रिक पर है क्योंकि वह अपना तीसरा उपचुनाव लड़ रहे हैं।

इससे पहले, उन्होंने वर्ष 2000 में सिरसा जिले में रोरी विधानसभा उपचुनाव और 2010 में ऐलनाबाद से उपचुनाव जीता था, जब उनके पिता ने जींद जिले की उचाना सीट को अपने पास रखा था और यह सीट खाली कर दी थी।

अभय चौटाला के लिए यह उपचुनाव जीतना महत्वपूर्ण है क्योंकि हार इनेलो के लिए एक बड़ा झटका होगा, जो हाल के वर्षों में चुनावी असफलताओं से जूझ रहा है।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि दादरा एवं नागर हवेली लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 75.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जहां शाम सात बजे तक मतदान चला।

सात बार के निर्दलीय सांसद मोहन डेलकर की मृत्यु के बाद यहां उपचुनाव करवाया, जहां से उनकी पत्नी कलाबेन डेलकर शिवसेना प्रत्याशी के रूप में भाजपा के महेश गावित और कांग्रेस के महेश धोडी के खिलाफ खड़ी हैं।

मध्य प्रदेश में शनिवार को उपचुनाव के तहत खंडवा लोकसभा क्षेत्र में 63.88 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर 64.60 प्रतिशत वोट डाले गये।

खंडवा से भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन हो गया था।

तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शशांक गोयल ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि राज्य की हुजूराबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए शाम सात बजे तक 86.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), भाजपा और कांग्रेस का त्रिकोणीय मुकाबला है। जमीन पर कब्जा करने के आरोपों में ई राजेंद्र को राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया था जिसके बाद से यहां से विधायक चुने गए राजेंद्र ने इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इसके बाद टीआरएफ से भी इस्तीफा दे दिया और अब भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 31, 2021 12:53 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).