कर्मचारियों की उपलब्धता के हिसाब से दिल्ली की सड़कों पर बसें उतारी जाएंगी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को लॉकडाउन के चौथे चरण के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों के तहत सार्वजनिक परिवहन समेत कई छूट का ऐलान किया।
नयी दिल्ली, 18 मई चालकों और कंडक्टरों की उपलब्धता के अनुसार दिल्ली की सड़कों पर मंगलवार से अधिक से अधिक संख्या में डीटीसी और क्लस्टर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को लॉकडाउन के चौथे चरण के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों के तहत सार्वजनिक परिवहन समेत कई छूट का ऐलान किया।
बस में 20 से अधिक यात्रियों को सवार होने की अनुमति नहीं रहेगी।
शहर के सभी बस डिपो और बसों में यात्रा के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग की होगी।
इन नियमों का पालन सुनिश्चित करने में जनता की मदद के लिए परिवहन विभाग के मार्शल, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और प्रवर्तन कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों की उपलब्धता के हिसाब से ही बसों को संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, '' काफी संख्या में चालक और कंडक्टर एनसीआर के फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम में रहते हैं। ऐसे में सीमा सील होने के कारण वर्तमान में इनकी आवाजाही में दिक्कत है इसलिए कर्मचारियों की उपलब्धता एक समस्या रहेगी।''
शहर में डीटीसी और क्लस्टर बसों की कुल संख्या 6,000 से अधिक है।
वहीं, शहर के निजी बस संचालकों ने सरकार से वित्तीय सहायता देने की मांग की है।
राज्य परिवहन निगम संचालन एकता मंच के महासचिव श्याम लाल गोला ने कहा कि पिछले दो महीने से काम ठप्प है और अब सामाजिक दूरी के नियमों के तहत संचालन करने के लिए हमें सरकार से वित्तीय सहायता की आवश्यकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 11:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

