देश की खबरें | दिल्ली में इमारत गिरी, मलबे से दो महिलाओं को निकाला गया

नयी दिल्ली, 11 फरवरी उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में शुक्रवार दोपहर एक इमारत के ढहने के बाद उसके मलबे में फंसी दो महिलाओं को बाहर निकाला गया जबकि फंसे अन्य लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने यह जानकारी दी ।

दमकल विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दोपहर 2.48 बजे मिली, जिसके बाद दमकल की तीन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंची।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली जल बोर्ड के पास की इमारत ढह गई है और चार से पांच लोग मलबे में दब गए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि ढही हुई इमारत राजीव रतन आवास का हिस्सा है जिसमें करीब 300 से 400 फ्लैट हैं ।

उन्होंने बताया कि तीन जेसीबी, एक हाइड्रा मशीन और दो एंबुलेंस की मदद से मौके पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है ।

अधिकारी ने बताया कि दो महिलाओं - फातिमा और शहनाज़ - को मलबे से बाहर निकाला गया और एमवी अस्पताल पूठ खुर्द भेजा गया है । दोनों बवाना की जेजे कॉलोनी की रहने वाली हैं ।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) बृजेंद्र कुमार यादव ने कहा, ''एक अन्य महिला रुकिया खातून और शहनाज की बेटी अफरीना (9) अब भी मलबे के नीचे हैं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)