देश की खबरें | बिल्डर ने घर क्रेताओं से 15 करोड़ रुपये ठगे: गुरुग्राम पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भूमि एवं भवन कारोबार से जुड़ी एक कंपनी ने फ्लैट मुहैया कराने का वादा करके 75 से अधिक घर खरीदारों से कथित रूप से 15 करोड़ रुपये ठग लिए। पुलिस ने यहां यह जानकारी दी।
गुरुग्राम (हरियाणा), 17 जुलाई भूमि एवं भवन कारोबार से जुड़ी एक कंपनी ने फ्लैट मुहैया कराने का वादा करके 75 से अधिक घर खरीदारों से कथित रूप से 15 करोड़ रुपये ठग लिए। पुलिस ने यहां यह जानकारी दी।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि यहां के फर्रुखनगर इलाके में स्थित कंपनी सव्यसाची इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड ने पीड़ितों को यह आश्वासन देकर उनसे धन लिया था कि उनके फ्लैट एक साल में बनकर तैयार हो जाएंगे, लेकिन चार साल बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
उसने बताया कि फर्रुखनगर के सेक्टर तीन में कंपनी को ‘अमाया ग्रीन्स’ के नाम से एक आवासीय सोसाइटी विकसित करनी थी तथा कंपनी के निदेशक विजय राजन ने बिक्री और प्रचार के लिए क्षेत्र में बिक्री प्रतिनिधियों को भी नियुक्त किया था।
शिकायतकर्ता आशीष नेगी और 77 अन्य ने आवासीय सोसाइटी में फ्लैट बुक कराए थे। फ्लैट बुक करते समय बिल्डर ने खरीदारों को बताया था कि सोसाइटी का नक्शा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (डीटीपी) विभाग के पास है।
उन्होंने पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है, ‘‘ हमने सभी भुगतान किए हैं, लेकिन चार साल बाद भी बिल्डर ने हमें न तो फ्लैट का कब्जा दिया है और न ही हमारे पैसे वापस किए हैं। बिल्डर एक सोची-समझी साजिश के तहत हमारे पैसे चोरी करने की योजना बना रहा है। हम चाहते हैं कि बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।’’
कंपनी, राजन और अन्य के खिलाफ शिकायत के आधार पर फर्रुखनगर थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक रामोतार ने कहा, ‘‘हमने जांच शुरू कर दी है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)