नेपाल में बुद्ध जयंती मनाई गई

काठमांडू, सात मई बौद्ध धर्म के संस्थापक गौतम बुद्ध की जयंती के मौके पर बृहस्पतिवार को मध्य नेपाल के लुंबिनी में वैश्विक शांति और आध्यात्मिक जागृति की उनकी शिक्षाओं का स्मरण किया गया।

इस साल बुद्ध की 2564वीं जयंती है, जो बैसाख महीने में पूर्णिमा के दिन मनायी जाती है।

लुंबिनी में जन्मे भगवान गौतम बुद्ध, बौद्ध धर्म के संस्थापक हैं।

इस साल कोविड-19 महामारी के चलते बुद्ध जयंती के मौके पर होने वाले समारोह प्रभावित रहे। चंद बौद्ध भिक्षुओं और अनुयायियों के साथ मठों में छोटे-छोटे समारोह आयोजित किये गए।

लुंबिनी के पवित्र उद्यान को रोशनी से सजाया गया, हालांकि अधिकारियों ने वहां कार्यक्रम स्थगित कर दिया था।

कोविड-19 की रोकथाम में जुटे लोगों के प्रति समर्थन दिखाने के लिये काठमांडू में दो मुख्य स्तूपों स्वयंभू और बुद्धनाथ में मोमबत्तियां जलाई गईं।

प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने ऐसे लोगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिये शाम के समय दीप चलाने का आह्वान किया था।

नेपाल सरकार ने कोरोना वायरस लॉकडाउन 18 मई तक के लिये बढ़ा दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)