देश की खबरें | बीएसएफ ने भारत-पाक सीमा के समीप हथियारों, गोला बारुद का जखीरा बरामद किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर एक विशेष तलाश अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को हथियारों और गोला बारुद का जखीरा बरामद किया।

जम्मू, सात अप्रैल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर एक विशेष तलाश अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को हथियारों और गोला बारुद का जखीरा बरामद किया।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसी खुफिया सूचनाएं मिली थी कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हथियारों की भारतीय क्षेत्र में तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके बाद विशेष तलाश अभियान (एसएसओ) चलाया गया।

उन्होंने बताया कि प्रतिकूल सूचनाएं मिलने के बाद सुरक्षाबल अत्यधिक सतर्कता बरत रहे थे और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी तीन स्तरीय बाड़बंदी के समीप के इलाकों में नियमित तौर पर गश्त कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि अखनूर के पर्गवाल उप-सेक्टर में आईबी पर एसएसओ चलाया गया और इस दौरान हथियारों तथा गोला बारुद से पूरी तरह भरा एक बैग बरामद किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बरामद हथियारों में एक एके-47 राइफल, एके-47 राइफल की 20 गोलियां, दो मैगजीन, दो इटली निर्मित पिस्तौल, पिस्तौल की 40 गोलियां और चार पिस्तौल मैगजीन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान से हथियारों की इस खेप को भारत पहुंचने से रोककर एक बड़ी घटना होने से बचा लिया है।

बीएसएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस के सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सुरक्षाबलों ने एक बार फिर पाकिस्तानी आतंकवादियों के नापाक मंसूबों का पर्दाफाश कर दिया है और उनकी कुख्यात गतिविधियों पर रोक लगायी है।

उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल हर वक्त चौकन्ना और अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\